ट्रंप ने भारत पर लगाया 25 फीसदी टैरिफ तो भड़के असदुद्दीन ओवैसी, कहा- ‘मसखरे की धौंस झेल रहा भारत’
नई दिल्ली । ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार (31 जुलाई, 2025) को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 25 प्रतिशत का टैरिफ लगाने की घोषणा पर आपत्ति जताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है. अमेरिकी टैरिफ पर भड़के ओवैसी ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि भारत सरकार अमेरिका के व्हाइट हाउस में बैठे एक मसखरे की धौंस झेल रही है।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. ओवैसी ने अपने पोस्ट में ट्रंप की ओर से किए गए इस कदम की घोषणा को भारत की संप्रभुता और आर्थिक स्थिति पर एक स्पष्ट और जानबूझकर किया गया हमला करार दिया है. उन्होंने कहा, “मैंने सालों से संसद में भारत के खिलाफ बढ़ रही व्यापारिक दुश्मनी के मुद्दे को उठा रहा हूं।”
ओवैसी की यह प्रतिक्रिया रूस से सैन्य उपकरण और तेल-गैस के आयात को लेकर अमेरिका की ओर से भारत कर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगाने की ट्रंप की घोषणा करने के बाद आई है।
भारत कोई गुलाम देश नहीं है- ओवैसी
ओवैसी ने कहा, “यह बेहद दुख की बात है कि मेरे देश की सरकार व्हाइट हाउस में बैठे एक मसखरे की धौंस झेल रही है. अमेरिका का यह टैरिफ रूस के साथ व्यापार करने पर एक अस्पष्ट जुर्माने के साथ आएगा. भारत एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है, किसी राजा के दरबार में सलामी देने वाला कोई गुलाम देश नहीं है।”
Trump has announced that Indian exports will now come with a 25% tariff.
It’s sad to see my country’s government being bullied by a buffoon-in-chief in the White House. This tariff will come with a vague “penalty” for trading with Russia. India is independent sovereign country.…
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) July 31, 2025
उन्होंने कहा, “अमेरिका की ओर से लगाया जाने वाला यह टैरिफ भारत के MSMEs, निर्माण कंपनियों, आईटी फर्मों, सर्विस प्रोवाइडर्स और किसानों को भारी नुकसान पहुंचाएगा. ये टैरिफ एफडीआई को भी रोकेगा, निर्यात को नुकसान पहुंचाएगा और नौकरियों पर भी असर डालेगा. जहां जापान पर 15 प्रतिशत, वियतनाम पर 20 प्रतिशत और इंडोनेशिया पर 19 प्रतिशत का टैरिफ है, वहीं भारत पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैक्स लगाया गया है. इससे अमेरिका को होने वाले भारतीय निर्यात पर भारत की प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त खत्म हो जाएगी।”
ओवैसी ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
वहीं, AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने ट्रंप की टैरिफ की घोषणा को लेकर पीएम मोदी पर भी निशाना साधा है और इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी पर सवाल भी उठाया है. उन्होंने कहा, “क्या यही वो 56 इंच का सीना है, जिसका वादा किया गया था? या हमें वो तब दिखेगा जब ट्रंप टैरिफ को 56 प्रतिशत तक बढ़ा देगा?”
