MP में दो दिन बाद फिर बढ़ेगी ठंड, कई शहरों में लुढ़केगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बादलों की मौजूदगी के बावजूद बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तरी पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी जारी है, लेकिन हवा का रुख बदलने से वहां की ठंडी बयार फिलहाल मध्यप्रदेश तक नहीं पहुंच पा रही। वहीं बंगाल की खाड़ी में सक्रिय लो-प्रेशर सिस्टम के कारण राज्य में हल्के बादल बने हुए हैं, जिससे दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है।
सोमवार और मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री, इंदौर का 16.8 डिग्री, उज्जैन का 16.7 डिग्री और ग्वालियर का 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर नौगांव, रीवा, मुरैना, खजुराहो, चित्रकूट और दतिया में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। नौगांव में सबसे कम 8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि खजुराहो और चित्रकूट में तापमान क्रमशः 9.6 और 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को भी कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहा, जिससे ठंड का एहसास दिन में भी बना रहा।

