March 15, 2026

मसूरी में आज कुलदीप यादव की शाही शादी: बचपन की दोस्त वंशिका संग लेंगे फेरे, रोहित-सूर्या समेत कई स्टार्स के पहुंचने की उम्मीद

0
p1-1773457297


नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में स्थित आईटीसी सेवॉय होटल में पिछले तीन दिनों से शादी की भव्य रस्में चल रही हैं। इस शाही समारोह में क्रिकेट जगत और परिवार के करीबी लोग शामिल हो रहे हैं।

शादी के कार्यक्रम के अनुसार आज शाम 4 बजे साफा बंधाई की रस्म होगी, जिसके बाद 5 बजे बारात निकलेगी। शाम 6 बजे वरमाला का कार्यक्रम रखा गया है और रात 8 बजे दोनों सात फेरे लेंगे। इसके बाद देर रात तक मंडप की अन्य पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी।

समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े नामों के शामिल होने की संभावना है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के भी शादी में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

इससे पहले शुक्रवार को हल्दी समारोह में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह 11 बजे शुरू हुई हल्दी की रस्म दोपहर करीब 2 बजे तक चली। इस दौरान होटल परिसर में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न का माहौल रहा। भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल हल्दी समारोह के सबसे ज्यादा चर्चित मेहमान रहे। चहल कभी कुलदीप के चेहरे पर हल्दी लगाते नजर आए तो कभी ढोल की थाप पर जमकर डांस करते दिखे। हल्दी के बाद कुलदीप और वंशिका ने भी मेहमानों के साथ डांस कर माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

हल्दी समारोह के बाद मेहमानों के लिए होटल में शाही दावत का आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि इस खास दावत में एक थाली की कीमत 20 हजार रुपए से ज्यादा थी। शादी के लिए प्लैटिनम और गोल्ड मेन्यू तैयार किए गए हैं, जिनमें शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के व्यंजन शामिल हैं। मेहमानों के लिए प्रीमियम सलाद, सूप, स्नैक्स और कई खास मुख्य व्यंजन परोसे जा रहे हैं।

बार मेन्यू भी बेहद खास रखा गया है। इसमें देश-विदेश के महंगे ब्रांड शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक मेहमानों के लिए करीब 40 हजार रुपए की डॉम पेरिग्नॉन शैम्पेन, 35 हजार रुपए तक की सिंगल माल्ट स्कॉच और कई प्रीमियम वाइन उपलब्ध कराई गई हैं।

शादी में शामिल होने के लिए क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ी मसूरी पहुंच चुके हैं। भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला और भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी मसूरी पहुंच चुके हैं।

कुलदीप और वंशिका एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पारिवारिक संबंध रहे हैं। दोनों की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में हुई थी। कुलदीप उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं, जबकि वंशिका लखनऊ की निवासी हैं।

दोनों की शादी के लिए एक खास हैशटैग #Kulvansh बनाया गया है, जो कुलदीप के नाम के ‘कुल’ और वंशिका के नाम के ‘वंश’ को मिलाकर तैयार किया गया है। शादी का डिजिटल इन्विटेशन कार्ड भी इसी हैशटैग के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें भगवान गणेश की वंदना और रॉयल थीम के साथ दोनों के एनिमेटेड अवतार भी शामिल किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *