March 18, 2026

UP: हरदोई में HPCL की अंडरग्राउंड पाइपलाइन में देर रात धमाका, PNG से रिसाव से मचा हड़कंप

0
0000000000-1773815751

हरदोई।
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के हरदोई (Hardoi) में बावन मार्ग पर मंगलवार देर रात एचपीसीएल की अंडरग्राउंड पाइपलाइन (HPCL’s underground pipeline) से धमाके के साथ पीएनजी गैस का रिसाव होने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। पानी के फव्वारे की तरह गैस का गुबार उठते देख इलाकाई लोगों के हाथ-पांव फूल गए। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

इसके कुछ देर बाद ही दमकल की दो बड़ी गाड़ियां और एचपीसीएल की टीम के साथ जिलाधिकारी अनुनय झा और एसपी एके मीणा भी मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव की वजह से इलाके की बिजली काटकर दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया।

एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में सवायजपुर से बावन और हरदोई होते हुए बम्हनाखेड़ा मुख्य यूनिट तक गैस पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसी लाइन की टेस्टिंग के लिए दोपहर तीन बजे पीएनजी गैस की सप्लाई चालू की गई। शाम तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा लेकिन रात 9:30 के आसपास बावन-हरदोई मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक के चैंबर से धमाके के साथ गैस का रिसाव हो गया।

अधिकारियों का कहना है कि गैस 35 बार के प्रेशर से छोड़ी गई थी। हादसा कैसे और क्यों हुआ इसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल पेट्रोल पंप के दोनों ओर के दूसरे चैंबरों की सप्लाई बंद करा दी गई है। वहीं, एडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया जा सका। लीकेज की जांच एचपीसीएल के अलावा प्रशासन की टीम भी कराएगी। फिलहाल किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ और हालात देर रात 11:30 बजे तक सामान्य हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *