‘बेबी’ से ‘हसीन दिलरुबा’ तक, ऐसा रहा है तापसी पन्नू का फिल्मी सफर

आज अपना जन्मदिन मना रहीं तापसी पन्नू किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। वह बॉलीवुड और साउथ फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। उनके अभिनय कौशल की वजह से उन्हें कई पुरस्कार भी मिले हैं। हालांकि, फिल्मों में आने से पहले वह बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम भी कर चुकी हैं। अभिनय के अलावा वह फिटनेस की वजह से भी जानी जाती हैं।
अभिनेत्री ने 23 मार्च 2024 को अपने ब्वॉयफ्रेंड मैथियास बो से शादी रचाई थी। साल 2013 में दोनों की पहली बार इंडियन बैडमिंटन लीग के दौरान मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही दोनों के डेटिंग को लेकर खबरें आने लगी थीं, जिसके लगभग 11 साल बाद दोनों ने शादी के बंधन में बंध जाने का फैसला किया। तापसी का फिल्मी सफर भी काफी शानदार रहा है।
उन्होंने साल 2010 की तेलुगु फिल्म ‘झुम्मांडी नादम’ से अपने अभिनय की शुरुआत की थी। इस फिल्म में वह अभिनेता मनोज मांचू के साथ नजर आई थीं। फिल्म में वह एक करोड़पति की बेटी के किरदार में नजर आई थीं। इसके बाद वह साल 2011 की तमिल फिल्म ‘आदुकलम’ में नजर आईं। इस फिल्म में उनके साथ साउथ के मशहूर अभिनेता धनुष भी नजर आए थे।
साल 2011 में वह सुपरस्टार प्रभास के साथ ‘मिस्टर परफेक्ट’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में उन्होंने एक छोटी भूमिका अदा की थी। इसके बाद वह एक बड़े बजट की फिल्म ‘वीरा’ में दिखाई पड़ीं। इस फिल्म में वह ‘मिस्टर बच्चन’ अभिनेता रवि तेजा के साथ नजर आईं। फिल्म को मिश्रित समीक्षा मिली थी। साल 2013 तक उन्होंने कुछ और तेलुगु फिल्मों में काम किया।
अभिनेत्री ने हिंदी फिल्मों में साल 2013 में प्रवेश किया। उन्होंने मशहूर निर्देशक डेविड धवन की ”चश्मे बद्दूर से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। फिल्म में सिद्धार्थ, दिव्येंदु शर्मा, दिवंगत ऋषि कपूर और अली जफर ने काम किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘बेबी’ ने उनके करियर में नई ऊंचाई दी। इस फिल्म के बाद हिंदी फिल्मों में उनकी गाड़ी चल निकली। साल 2016 से 2020 तक उन्होंने ‘रनिंग शादी डॉट कॉम’,’पिंक’ और ‘बदला’ जैसी फिल्मों में काम किया। पिंक में उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी।
साल 2021 में रिलीज हुई ‘हसीन दिलरुबा’ में उनके अभिनय को एक बार फिर काफी सराहा गया। इस फिल्म में उनके साथ विक्रांत मैसी भी नजर आए थे। इसके बाद वह रश्मि रॉकेट में भी नजर आईं। साल 2022 की ‘लूप लपेटा’, ‘शाबाश मिठू’, ‘दोबारा’ और ‘तड़का’ में भी उन्होंने काम किया। इसके बाद वह पिछले साल 2023 में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘डंकी’ में नजर आईं। फिल्म को राजकुमार हिरानी ने निर्देशित किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्मों को लेकर व्यस्त हैं, जिनमें ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ और ‘खेल खेल में’ शामिल है। ‘फिर आई हसीन दिलरुबा’ 9 अगस्त को रिलीज होगी।

You may have missed