September 13, 2026

सीतापुर में हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्टरी पर CBIC का छापा , 15 वाहनों से पहुंची टीम, दस्तावेजों की जांच जारी

0
untitled-1788259688
सीतापुर। यूपी के सीतापुर में तंबौर कस्बे में स्थित इसराइल की हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्टरी पर मंगलवार को केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) की टीम ने छापेमारी की। बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी कई वाहनों से फैक्टरी पहुंचे। टीम के साथ करीब 15 वाहन बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ पर भारत सरकार लिखा हुआ है।

कार्रवाई के दौरान CBIC अधिकारियों ने फैक्टरी परिसर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच शुरू की। टीम कारोबार से जुड़े कागजात और रिकॉर्ड खंगाल रही है। छापे की जानकारी मिलते ही फैक्टरी कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

इसराइल के घर पर भी पहुंची टीम
सूत्रों के मुताबिक, CBIC की टीम ने फैक्टरी के अलावा इसराइल के आवास पर भी कार्रवाई की। घर के बाहर भी कई सरकारी वाहन खड़े देखे गए। हालांकि, छापेमारी किस मामले में की गई है और जांच का दायरा क्या है, इसे लेकर अधिकारियों की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी वजह
कार्रवाई की खबर फैलने के बाद फैक्टरी और आवास के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय स्तर पर छापे को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल अधिकारी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही छापेमारी की वास्तविक वजह, किसी तरह की बरामदगी या अन्य कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed