November 19, 2026

महामंडलेश्वर पर महिला ने लगाए दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप, अखाड़ा परिषद ने निष्कासन के संकेत दिए

0
untitled-1794213703

उज्जैन । उज्जैन में बड़े आश्रम और गौशाला का निर्माण करा रहे निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर इंद्रदेव विवादों में घिर गए हैं। मुंबई की एक महिला ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का दावा है कि धार्मिक सत्संग के जरिए महामंडलेश्वर से उसका संपर्क हुआ था। इसके बाद वे लगातार फोन और वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत करने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि वीडियो कॉल के दौरान इंद्रदेव अश्लील हरकतें करते थे और उसे भी कपड़े उतारने के लिए कहते थे। इतना ही नहीं महिला ने वृंदावन स्थित आश्रम में बुलाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और बाद में ऑडियो रिकॉर्डिंग डिलीट करने के लिए धमकाने का आरोप भी लगाया है। मुंबई पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार की परेशानियों और घर में सुख-शांति के लिए धार्मिक कार्यक्रमों और प्रवचनों की तलाश कर रही थी। जनवरी 2023 में उसने फेसबुक पर डॉ. इंद्रदेव महाराज के पेज संत इंद्रदेव पर सत्संग के वीडियो देखने शुरू किए। इसके बाद टीवी पर प्रसारित सत्संग के दौरान उसे महाराज का मोबाइल नंबर मिला। महिला के मुताबिक 10 अप्रैल 2023 को उसने उस नंबर पर संपर्क किया तो उसे मुंबई के सांताक्रुज पूर्व में सात दिवसीय सत्संग की जानकारी दी गई। 12 अप्रैल को वह अपनी छोटी बेटी के साथ कार्यक्रम में पहुंची और अगले दिन इंद्रदेव से दीक्षा ली।

महिला का कहना है कि 8 दिसंबर 2023 को वह दोबारा सत्संग में शामिल हुई और अपनी निजी समस्याएं बताईं। इस दौरान इंद्रदेव ने मदद करने का भरोसा दिया और उससे लगातार बातचीत करते रहने तथा सेवा करने के लिए कहा। महिला ने आरोप लगाया कि जून 2024 में दोपहर के समय उसे एक मोबाइल नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल पर इंद्रदेव कथित तौर पर नग्न अवस्था में थे। महिला के अनुसार उन्होंने गुरुजी की आज्ञा का हवाला देकर उसे भी कपड़े उतारने के लिए कहा। यह बातचीत करीब 15 से 20 मिनट तक चली। शिकायत में 29 नवंबर 2025 की एक और वीडियो कॉल का जिक्र किया गया है। महिला का आरोप है कि इस दौरान भी इंद्रदेव ने अश्लील व्यवहार किया और उसे कपड़े उतारने के लिए कहा।

शिकायत के मुताबिक सबसे गंभीर घटना 4 नवंबर 2025 को वृंदावन के संत कॉलोनी स्थित सेवाधाम आश्रम में हुई। महिला अपनी छोटी बेटी के साथ वहां पहुंची थी और छह दिन के लिए कमरा बुक कराया था। महिला का आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे इंद्रदेव ने फोन कर उसे अपने कमरे में बुलाया। वहां पहुंचने पर उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने दावा किया कि करीब 15 से 20 मिनट बाद वह अपने कमरे में वापस लौटी। इसके बाद इंद्रदेव ने फोन कर उसके सुरक्षित पहुंचने के बारे में पूछा।

महिला ने बताया कि आश्रम में उसकी मुलाकात न्यूजीलैंड की करीब 60 वर्षीय एक महिला से हुई थी। 7 अप्रैल 2026 को व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत के दौरान उस महिला ने भी इंद्रदेव के व्यवहार को लेकर कुछ आरोप बताए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने साथ हुई कथित घटना का जिक्र किया और बातचीत की 7 से 8 ऑडियो रिकॉर्डिंग उसे भेज दीं। महिला का आरोप है कि रिकॉर्डिंग भेजने की जानकारी मिलने पर इंद्रदेव ने बदनामी होने की बात कहकर उसे धमकाया। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि अगर सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब हुई तो वे फांसी लगा लेंगे। महिला के अनुसार 17 जून 2026 को फोन पर उन्हें धमकी दी गई कि हर जगह उनकी बदनामी हो रही है और वे उसे छोड़ेंगे नहीं। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।

मामले पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने कहा है कि उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है। अखाड़े के पंचों की बैठक बुलाई जाएगी और उसके बाद इंद्रदेव को अखाड़े से निष्कासित करने की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed