November 19, 2026

सड़क पर महिला को सांड ने पटक-पटककर किया घायल, बच्चे देखते रहे खौफनाक मंजर, 50 सेकंड तक नहीं रुका हमला

0
untitled-1794293342

ग्वालियर। ग्वालियर में आवारा मवेशियों का आतंक एक बार फिर लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनकर सामने आया है। शहर के पीएम आवास मानपुर फेस-1 में बच्चों के साथ पैदल जा रही एक महिला पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया और करीब 50 सेकंड तक उसे कुचलता रहा। इस दौरान महिला के साथ मौजूद बच्चे सहमे हुए नजर आए। आसपास के लोगों ने महिला को बचाने के लिए तुरंत दौड़ लगाई और सांड को भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद लोग सांड को वहां से हटाने में सफल हुए। हमले में महिला घायल हो गई। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी है।

जानकारी के मुताबिक महिला अपने बच्चों के साथ कॉलोनी में पैदल जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक सांड उसकी ओर बढ़ा और जोरदार टक्कर मार दी। महिला संभल पाती उससे पहले ही वह जमीन पर गिर गई। इसके बाद सांड ने उस पर हमला जारी रखा। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो वे महिला की मदद के लिए आगे आए। कुछ लोगों ने शोर मचाकर सांड को भगाने की कोशिश की तो कुछ उसे दूर करने के लिए दौड़े। सांड के आक्रामक व्यवहार के कारण लोग भी सावधानी बरतते हुए उसे हटाने में जुटे रहे। आखिरकार काफी प्रयास के बाद सांड वहां से भागा और महिला को उसके चंगुल से बचाया जा सका।

इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से आवारा पशुओं को पकड़ने और उन्हें सड़कों से हटाने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। शहर की कई सड़कों और कॉलोनियों में सांड तथा दूसरे मवेशी खुलेआम घूमते रहते हैं। कई बार ये पशु आपस में भिड़ जाते हैं। ऐसे में राहगीरों के साथ वाहन चालकों के लिए भी खतरा पैदा हो जाता है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं के बाद कुछ समय तक चर्चा होती है लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाता।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक दीपावली के दौरान पटाखों की तेज आवाज से मवेशी घबरा जाते हैं। डर के कारण वे अचानक तेज रफ्तार से दौड़ने लगते हैं और रास्ते में आने वाले लोगों को टक्कर मार सकते हैं। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा और भी बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के समय नगर निगम को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए और संवेदनशील इलाकों में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए टीम तैनात करनी चाहिए।

पीएम आवास मानपुर फेस-1 के रहवासियों ने नगर निगम से तत्काल अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों और रिहायशी कॉलोनियों में घूम रहे आवारा सांडों और मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। साथ ही नियमित निगरानी की व्यवस्था भी होनी चाहिए ताकि पशु दोबारा सड़कों पर न पहुंचें। लोगों का मानना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन ऐसी घटना और गंभीर रूप ले सकती है। CCTV में कैद महिला पर हमले का यह मामला शहर में आवारा मवेशियों से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed