November 19, 2026

बीमारी को मात देकर राधा ने रचा इतिहास, 19.76 लीटर दूध देकर जीता एक लाख का पुरस्कार, मालिक की चमकी किस्मत

0
untitled-1794293986

उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन के एक किसान की गिर गाय ने अपनी दूध देने की क्षमता से प्रदेश स्तर पर पहचान बना ली है। गौरव रघुवंशी की गाय राधा ने एक दिन में 19.76 लीटर दूध देकर दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए गौरव को एक लाख रुपये का पुरस्कार मिला है। खास बात यह है कि राधा को गौरव गुजरात से 90 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। कुछ समय पहले यह गाय गंभीर रूप से बीमार हो गई थी और उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसके बचने की उम्मीद भी कम नजर आ रही थी। लेकिन किसान ने उसकी देखभाल में कमी नहीं रखी। बेहतर खान-पान और खुले वातावरण में रखने से राधा की सेहत में सुधार हुआ और आज वह प्रदेश की सबसे अधिक दूध देने वाली गायों में शामिल हो गई है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 30 और 31 अक्टूबर को वृंदावन ग्राम तलोद में दो दिवसीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश के 313 विकासखंडों से पशुपालकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में देशी गोवंश की दूध उत्पादन क्षमता के आधार पर पशुपालकों का चयन किया गया। गाय के सुबह और शाम के दूध की जांच के बाद प्रतिदिन के कुल उत्पादन का आकलन किया गया। इसमें राधा ने 19.76 लीटर दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। इसके लिए गौरव रघुवंशी को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

गौरव बताते हैं कि उन्होंने राधा को घर के सदस्य की तरह रखा है। गाय को हमेशा बांधकर रखने के बजाय खुले वातावरण में घूमने का मौका दिया जाता है। उसके रोजाना के आहार में हरी घास शामिल रहती है। बीमारी के दौरान भी उन्होंने उसकी देखभाल जारी रखी। नियमित खान-पान और उचित देखरेख के कारण धीरे-धीरे उसकी हालत सुधरती गई। गौरव का मानना है कि पशुओं को अच्छा वातावरण और संतुलित आहार मिले तो उनके स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।

राधा के दूध का इस्तेमाल भी गौरव खास तरीके से करते हैं। उनके मुताबिक गाय के कुल दूध का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा आसपास के लोगों को बेच दिया जाता है जबकि 40 प्रतिशत दूध उसके बछड़े के लिए सुरक्षित रखा जाता है। उज्जैन में गिर गाय का दूध करीब 90 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर बिकता है। सामान्य गायों के मुकाबले इस नस्ल के दूध की कीमत अधिक मिलती है। एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलने के बाद गौरव अब इस राशि से एक और गिर गाय खरीदने की योजना बना रहे हैं।

सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी दिलीप मेहता के अनुसार गिर गाय गुजरात की मूल नस्ल है। इसके स्वास्थ्य और दूध उत्पादन को बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित आहार जरूरी होता है। गाय को हरे चारे के साथ आवश्यक पोषक तत्व और कोबाल्ट तथा जिंक जैसे मिनरल दिए जाते हैं। प्रदेश में गिर नस्ल की संख्या बढ़ाने के लिए कृत्रिम गर्भाधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। गुजरात से बड़ी संख्या में गिर गायों को मध्य प्रदेश लाया जा रहा है।

प्रतियोगिता में रतलाम के मुकेश कुमार परमार ने दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी ग्रेडेड गिर गाय ने औसतन 17.23 लीटर प्रतिदिन दूध दिया। मुकेश ने बीटेक इलेक्ट्रिकल की पढ़ाई की है और पुणे में टेस्टिंग इंजीनियर के रूप में नौकरी करते थे। कोरोना काल में नौकरी छोड़कर गांव लौटने के बाद उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में उनके पास दो गिर गाय और जाफराबादी तथा मुर्रा नस्ल की भैंसों सहित करीब 14 से 15 पशु हैं। उन्होंने अपनी गिर गाय आठ महीने पहले करीब 73 हजार रुपये में खरीदी थी। उसके आहार में गेहूं सोयाबीन बाजरा हरा चारा और खल शामिल हैं। प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर आने पर उन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं संदीप चौधरी ने तीसरा स्थान हासिल कर 25 हजार रुपये जीते।

राधा की उपलब्धि ने यह दिखाया है कि पशुपालन में अच्छी नस्ल के साथ नियमित देखभाल और संतुलित खान-पान की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। गौरव रघुवंशी की योजना अब एक और गिर गाय खरीदकर डेयरी व्यवसाय को आगे बढ़ाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed