November 20, 2026

हॉकी के महाकुंभ के लिए तैयार भोपाल, 166 देशों में होगा लाइव प्रसारण, फ्री एंट्री के साथ दर्शक देखेंगे भारत का दम

0
untitled-1794380676

भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल नवंबर में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। 19 से 28 नवंबर तक यहां एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट में भारत सहित छह देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। जापान चीन मलेशिया कोरिया और थाईलैंड की टीमें भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमदार खेल का प्रदर्शन करेंगी।

इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई। यह ट्रॉफी 11 से 19 नवंबर तक मध्यप्रदेश के सभी संभागों में पहुंचेगी। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने और लोगों को प्रतियोगिता से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई। यह ट्रॉफी 11 से 19 नवंबर तक मध्यप्रदेश के सभी संभागों में पहुंचेगी। इसके जरिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ाने और लोगों को प्रतियोगिता से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इसी अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत वाले इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से भोपाल को खेल के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीद है।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबले फ्लड लाइट की रोशनी में डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे। स्टेडियम में लगभग पांच हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। प्रतिदिन तीन मुकाबले आयोजित किए जाएंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। यानी हॉकी प्रेमी बिना टिकट के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का शानदार खेल देख सकेंगे। टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार के माध्यम से दुनिया के 166 देशों में किया जाएगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी।

इस आयोजन में सिर्फ हॉकी ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान भी देखने को मिलेगी। आयोजन स्थल पर जनजातीय व्यंजनों हस्तशिल्प और लोककलाओं के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके जरिए प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति और खानपान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश होगी। खेल मंत्री विश्वास सारंग के मुताबिक यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश की खेल क्षमता सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा अवसर है। टूर्नामेंट के दौरान भारतीय हॉकी टीम और मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी की टीम के बीच मैत्री मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में हॉकी को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं। इसके अलावा 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ पर खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं जबकि सात नए एस्ट्रोटर्फ तैयार किए जा रहे हैं। भोपाल को लंबे समय से हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान मिली है और यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं।

प्रदेश की महिला हॉकी खिलाड़ियों की उपलब्धियां भी काफी शानदार रही हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 177 पदक जीते हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 18 स्वर्ण 11 रजत और 7 कांस्य सहित 36 पदक शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में महिला खिलाड़ियों ने 74 स्वर्ण 34 रजत और 33 कांस्य सहित 141 पदक हासिल किए हैं। एशियन गेम्स 2026 में भी मध्यप्रदेश की तीन महिला खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

इस बार घरेलू मैदान पर भारतीय टीम की कप्तानी मिडफील्डर सलीमा टेटे करेंगी। एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पहली बार मैदान पर उतरेगी। टीम की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर होगी। ऐसे में भोपाल के दर्शकों को दस दिनों तक रोमांचक हॉकी मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed