November 19, 2026

बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड से प्रेरित फिल्म ‘भक्षक’ में दिखी पत्रकार की साहसिक पड़ताल, IMDb पर 7.2 रेटिंग

0
8-1794382587
नई दिल्ली ।ओटीटी पर अपराध, रहस्य और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानियों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए फिल्म ‘भक्षक’ एक गंभीर विषय पर बनी फिल्म है। यह कहानी बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड से प्रेरित है, जिसमें एक पत्रकार के संघर्ष और उसकी पड़ताल के जरिए बालिका गृह में नाबालिग लड़कियों के साथ होने वाले शारीरिक दुर्व्यवहार, यातना और यौन शोषण जैसे अपराधों को सामने लाने की कोशिश दिखाई गई है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छा प्रतिसाद मिला था। इसकी IMDb रेटिंग 7.2 बताई गई है।

फिल्म की कहानी वैशाली सिंह नाम की एक पत्रकार के इर्द-गिर्द घूमती है। वह एक छोटे शहर में स्थानीय समाचार चैनल ‘कोशिश न्यूज’ के लिए काम करती है। उसके साथ कैमरा मैन भास्कर सिन्हा भी काम करता है। दोनों किसी बड़ी खबर की तलाश में रहते हैं। इसी दौरान वैशाली के सामने एक ऐसा मामला आता है, जो उसके पत्रकारिता जीवन की दिशा बदल देता है। उसे एक स्थानीय बालिका आश्रय गृह में रह रही नाबालिग लड़कियों के साथ हो रहे कथित अत्याचारों की जानकारी मिलती है।

मुन्नवरपुर के बालिका गृह की कहानी
फिल्म में दिखाया गया मुनव्वरपुर का बालिका आश्रय गृह वास्तविक जीवन के मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले से प्रेरित है। कहानी के अनुसार, इस संस्थान में रहने वाली नाबालिग लड़कियों के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार, यातना और यौन शोषण किया जाता है। इन घटनाओं को छिपाने के लिए संस्थान से जुड़े प्रभावशाली लोग अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हैं। फिल्म इस बात को भी सामने लाती है कि किस तरह अपराधों पर पर्दा डालने के लिए डराने-धमकाने, पैसे और व्यवस्था में मौजूद भ्रष्टाचार का सहारा लिया जा सकता है।

इस आश्रय गृह का संचालन बंसी संधु नाम का व्यक्ति करता है, जिसे इलाके में राजनीतिक प्रभाव रखने वाले शख्स के रूप में दिखाया गया है। वह अपने रसूख और संपर्कों के जरिए मामले को दबाए रखने की कोशिश करता है। फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि जब किसी संस्थान से जुड़े लोग प्रभावशाली होते हैं, तो पीड़ितों की आवाज सामने लाना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करवाना कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

पत्रकार की पड़ताल और निजी संघर्ष

वैशाली सिंह इस मामले की तह तक पहुंचने का फैसला करती है। उसका उद्देश्य आश्रय गृह में रह रही लड़कियों को बचाना और उनके साथ हो रहे अत्याचारों को सार्वजनिक करना है। हालांकि, इस कोशिश के दौरान उसे केवल पेशेवर चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता, बल्कि उसकी निजी जिंदगी भी मुश्किलों से घिरती दिखाई गई है। इसके बावजूद वह मामले की जांच जारी रखती है।

कहानी में आगे शेल्टर होम की रसोइया सुधा की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। सुधा वैशाली को आश्रय गृह के भीतर चल रही गतिविधियों और लड़कियों के साथ हुए व्यवहार के बारे में अहम जानकारी देती है। उसके खुलासे से पत्रकार की पड़ताल को दिशा मिलती है। वैशाली इस जानकारी के आधार पर मामले को आगे बढ़ाती है और संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंचाने की कोशिश करती है।

पुलिस कार्रवाई तक पहुंचती है कहानी

वैशाली को सुधा के साथ-साथ एक ईमानदार पुलिस अधिकारी एसएस जसमीत गौर का भी सहयोग मिलता है। इनकी मदद से वह अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए मजबूर करने में सफल होती है। इसके बाद पुलिस आश्रय गृह पर छापा मारती है। वहां मौजूद बची हुई लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला जाता है। वहीं, बंसी साहू और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया जाता है। इस घटनाक्रम के जरिए फिल्म पीड़ित लड़कियों को न्याय दिलाने की कोशिश और अपराध के खिलाफ पत्रकारिता की भूमिका को दिखाती है।

भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिका, नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध

‘भक्षक’ में भूमि पेडनेकर ने पत्रकार वैशाली सिंह का किरदार निभाया है। उनके साथ संजय मिश्रा सहित अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का निर्देशन पुलकित ने किया है। कहानी में अपराध की गंभीरता के साथ एक पत्रकार की व्यक्तिगत चुनौतियों और सच सामने लाने के उसके प्रयासों को भी जगह दी गई है।

यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। इसकी IMDb रेटिंग 7.2 है। वास्तविक घटना से प्रेरित विषय, पत्रकार की जांच और बालिका गृह में लड़कियों के साथ हुए शोषण का चित्रण इसे सामान्य क्राइम थ्रिलर से अलग बनाता है। गंभीर सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में देखने वाले दर्शक इसे ओटीटी पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed