November 19, 2026

गलवान की जंग पर बनी सलमान की ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर आते ही छिड़ी बहस, एक्टिंग से लेकर एआई तक पर उठे सवाल

0
untitled-1794472819

नई दिल्ली । सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लंबे इंतजार के बाद सामने आए इस ट्रेलर में सलमान खान एक बार फिर देशभक्ति और एक्शन से भरपूर भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प से प्रेरित बताई जा रही है। ऐसे में दर्शकों को उम्मीद थी कि फिल्म में गंभीर कहानी और दमदार संवाद देखने को मिलेंगे। लेकिन ट्रेलर सामने आते ही सलमान के कुछ डायलॉग्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। जहां कुछ लोगों ने उनके अंदाज और संवादों का मजाक उड़ाया वहीं कई प्रशंसकों ने इसे भाईजान की शानदार वापसी बताया है।

ट्रेलर में सलमान खान के दो संवाद सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रहे हैं। इनमें पहला डायलॉग है शेजवान में कुछ काला है। वहीं दूसरे संवाद में सलमान का किरदार चीनी सेना के एक जवान से कहता है Let’s Solve This S**t Bro। इन संवादों को सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों को ये डायलॉग मजेदार लगे तो कुछ ने सवाल उठाया कि युद्ध और सैन्य संघर्ष जैसी गंभीर कहानी में इस तरह के संवाद कितने प्रभावी साबित होंगे।

एक यूजर ने शेजवान में कुछ काला है वाले संवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह कैसी बकवास है और युद्ध के समय कोई सेना का जवान इस तरह की बात कैसे कर सकता है। वहीं दूसरे संवाद को सुनकर कई लोगों को सलमान की पुरानी फिल्म के मशहूर डायलॉग सोनम इट्स डन ब्रो की याद आ गई। कुछ यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि लगता है भाईजान ने इस बार फिल्म के डायलॉग खुद ही लिख लिए हैं। उनके मुताबिक संवाद सुनने में भले ही मजेदार हों लेकिन ये फिल्म की गंभीरता को कमजोर कर सकते हैं।

ट्रेलर को लेकर आलोचना केवल डायलॉग्स तक सीमित नहीं रही। कुछ दर्शकों ने सलमान खान की एक्टिंग और उनके एक जैसे अंदाज पर भी सवाल उठाए हैं। एक यूजर ने लिखा कि सलमान खान ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है लेकिन अब उनकी एक जैसी एक्टिंग देखकर दर्शक बोर होने लगे हैं। इसी प्रतिक्रिया में उन्हें रिटायर होने की सलाह भी दी गई। कुछ लोगों ने ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई विजुअल्स की गुणवत्ता पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि फिल्म के ट्रेलर में कुछ दृश्य काफी कमजोर नजर आते हैं।

हालांकि सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर केवल नकारात्मक प्रतिक्रियाएं ही नहीं हैं। सलमान के प्रशंसकों को उनका एक्शन अंदाज पसंद आया है और कई लोगों ने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई है। कुछ दर्शकों ने ट्रेलर को ठीक बताया तो कुछ ने कहा कि अगर कहानी और स्क्रिप्ट को बेहतर तरीके से पेश किया जाता तो यह फिल्म बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो सकती थी। एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि ट्रेलर में ही पूरी फिल्म की कहानी दिखा दी गई है और अब सिनेमाघर जाकर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। वहीं कुछ लोगों ने फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव किए जाने की आशंका भी जताई है।

‘मातृभूमि’ का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसकी कहानी वर्ष 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प से प्रेरित है। फिल्म में भारतीय जवानों के संघर्ष के साथ देश की रक्षा करते हुए उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों और भावनात्मक चुनौतियों को भी दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी टक्कर श्रद्धा कपूर की फिल्म ईठा से होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ट्रेलर को मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद सलमान खान की यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed