November 19, 2026

Microsoft की सेवाएं 9 घंटे तक ठप, Outlook और Teams पर संकट, आखिर क्यों बार-बार फेल हो रहे क्लाउड सर्वर?

0
2-1794552384
नई दिल्ली ।दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की कई महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं में अचानक आई तकनीकी खराबी ने लाखों लोगों के दैनिक कामकाज को प्रभावित कर दिया। Microsoft 365, Outlook, Teams और Copilot जैसी सेवाएं कई घंटों तक बाधित रहीं। गुरुवार, 12 नवंबर को शुरू हुई इस समस्या का असर शुक्रवार, 13 नवंबर तक दिखाई दिया। करीब 9 से 10 घंटे तक चले इस व्यवधान के दौरान बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता अपने ईमेल अकाउंट खोलने, संदेश भेजने और प्राप्त करने तथा ऑफिस से जुड़े जरूरी काम करने में असमर्थ रहे। कई देशों में कंपनियों, सरकारी विभागों और संस्थानों का काम प्रभावित हुआ।

इस तकनीकी गड़बड़ी का सबसे अधिक असर Outlook पर देखने को मिला। उपयोगकर्ताओं को अपना इनबॉक्स खोलने, ईमेल भेजने और नए संदेश प्राप्त करने में परेशानी हुई। कुछ लोगों के ईमेल लोड नहीं हो रहे थे, जबकि कई मामलों में मेल डिलीवरी में देरी हुई। Teams में भी परेशानी सामने आई। हालांकि, इसके सभी फीचर पूरी तरह बंद नहीं हुए थे। मुख्य मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग की सुविधाएं काफी हद तक काम कर रही थीं, लेकिन कैलेंडर देखने, मीटिंग शेड्यूल करने और कुछ संगठनों में चैट बनाने जैसी सुविधाएं प्रभावित हुईं।

इस व्यवधान का दायरा केवल Outlook और Teams तक सीमित नहीं रहा। Microsoft 365 के साथ Copilot, OneDrive, SharePoint, Planner, To Do, Power BI और Microsoft Defender जैसी सेवाओं के कुछ फीचर भी प्रभावित हुए। Copilot Chat को लोड करने और उससे जवाब प्राप्त करने में उपयोगकर्ताओं को दिक्कत हुई। इसके अलावा, एआई टूल को ईमेल, कैलेंडर और ऑफिस की फाइलों तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, SharePoint में सीधे सुरक्षित फाइलों को खोलने जैसी कुछ सुविधाएं काम करती रहीं।

उपयोगकर्ताओं की शिकायतों पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में Outlook से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें बढ़कर लगभग 1.30 लाख तक पहुंच गई थीं। वहीं, Microsoft 365 से संबंधित शिकायतों की संख्या 47 हजार से अधिक दर्ज की गई। करीब एक घंटे के भीतर समस्या की रिपोर्ट कई देशों और क्षेत्रों से सामने आने लगी। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान के उपयोगकर्ताओं ने भी सेवाओं में परेशानी की जानकारी दी। इससे स्पष्ट हुआ कि यह समस्या किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी।

आखिर क्यों ठप हो गया Microsoft का सर्वर?
इस पूरे घटनाक्रम के पीछे सर्वर की उपलब्धता और सिक्योर कनेक्शन स्थापित करने वाली प्रक्रिया में तकनीकी खराबी सामने आई। माइक्रोसॉफ्ट के शुरुआती आकलन के अनुसार, कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे। कंपनी ने स्पष्ट किया कि समस्या सामान्य से अधिक यूजर ट्रैफिक आने के कारण पैदा नहीं हुई थी। बड़ी संख्या में सर्वर उपलब्ध नहीं रहने से बाकी सक्रिय सर्वरों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया और सेवाओं की कनेक्टिविटी प्रभावित होने लगी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्रभावित सर्वरों पर सिक्योर कनेक्शन स्थापित करने वाली एक प्रक्रिया अत्यधिक दबाव में आकर काम करना बंद कर रही थी। इसके कारण सर्वर उपयोगकर्ताओं की रिक्वेस्ट प्रोसेस नहीं कर पा रहे थे। इसके अतिरिक्त, सर्वरों के ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में भी गड़बड़ी सामने आई। जब ये जांच सफल नहीं हुईं तो कई सर्वर सेवा से बाहर हो गए। कंपनी ने हाल के नेटवर्क कॉन्फिगरेशन बदलावों की भी जांच शुरू की, जिनका संबंध समस्या शुरू होने के समय से दिखाई दे रहा था। हालांकि, तकनीकी खराबी की अंतिम वजह की पूरी पुष्टि नहीं हुई थी।

सेवाएं बहाल करने के लिए क्या कदम उठाए गए?
समस्या को नियंत्रित करने के लिए कंपनी ने नए डिप्लॉयमेंट और कॉन्फिगरेशन बदलाव रोक दिए। प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने के साथ उनका ट्रैफिक दूसरे नेटवर्क रूट पर भेजना शुरू किया गया। कुछ सर्वरों पर वैकल्पिक हेल्थ चेक प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। इसके अलावा, पुराने सॉफ्टवेयर कॉन्फिगरेशन के जरिए कुछ सर्वरों को दोबारा तैयार करने की कोशिश भी की गई।

हालांकि, बहाली की प्रक्रिया आसान नहीं रही। शुरुआत में दोबारा चालू किए गए कुछ सर्वर ट्रैफिक मिलने के बाद फिर से काम करना बंद करने लगे। इस कारण कंपनी को ट्रैफिक सीमित करने और अलग-अलग क्षेत्रों में सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल करने की रणनीति अपनानी पड़ी। कंपनी ने यह भी कहा कि उसे किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का संकेत नहीं मिला है।

इस व्यवधान का असर दूसरी टेक्नोलॉजी कंपनियों तक भी पहुंचा। OpenAI और Anthropic ने भी Microsoft 365 कनेक्टर्स से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। इससे स्पष्ट हुआ कि बड़ी क्लाउड सेवाओं पर निर्भर दूसरी डिजिटल सेवाएं भी ऐसी तकनीकी खराबी से प्रभावित हो सकती हैं। यह घटना एक बार फिर बताती है कि आधुनिक कारोबार और संचार व्यवस्था में क्लाउड सर्वर कितने महत्वपूर्ण हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed