November 19, 2026

'कॉकरोच जनता पार्टी' का देशभर में विस्तार, 10 राज्यों में समितियां गठित, जोनल प्रभारियों की नियुक्ति

0
photo-6-1-1794719684

नई दिल्ली । बेरोजगारी और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब देशभर में अपना संगठन मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत 10 राज्यों और क्षेत्रों में समन्वय समितियां गठित की हैं। इसके साथ ही पश्चिम और उत्तर जोन के लिए प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई है। पार्टी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी बढ़ाना, स्थानीय नेतृत्व तैयार करना और आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना है।

क्षितिज पगार को पश्चिम और डॉ. विवेक सांगवान को उत्तर जोन की जिम्मेदारी

पार्टी ने क्षितिज पगार को पश्चिम जोन और डॉ. विवेक सांगवान को उत्तर जोन का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तर जोन समन्वय समिति में शामिल किया गया है।

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के लिए राज्य एवं क्षेत्रीय समन्वय समितियां बनाई गई हैं। इनमें उत्तर प्रदेश समिति में 16, महाराष्ट्र में 15, झारखंड और पूर्वोत्तर में 14-14, बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा और उत्तराखंड में 6-6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्य रखे गए हैं।

स्थानीय मुद्दों को उठाने के लिए सक्रिय होंगी समितियां

पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नई समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों का संचालन और समन्वय करेंगी। साथ ही स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करने और आम नागरिकों की समस्याओं को पार्टी के मंच से उठाने पर काम करेंगी। पार्टी का दावा है कि इससे क्षेत्रीय स्तर पर संगठन का नेटवर्क तैयार करने में मदद मिलेगी।

बेरोजगार युवाओं के मुद्दे से शुरू हुई थी पहल

कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत इस साल मई में एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन पहल के रूप में हुई थी। इसका नाम उस विवाद से जुड़ा है, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश की ओर से बेरोजगार युवाओं के लिए ‘कॉकरोच’ शब्द इस्तेमाल किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया सामने आई थी। अभिजीत दीपके ने इस मंच की शुरुआत की थी। बाद में यह बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ युवाओं की आवाज उठाने वाला संगठन बन गया।

NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन

संगठन ने NEET-UG पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक आंदोलन किया था। इस दौरान जवाबदेही तय करने और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी। इसके बाद 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

आगे चलकर संगठन ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे को भी उठाया। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और दिल्ली में 1 नवंबर को SIR के खिलाफ INDIA गठबंधन की रैली को समर्थन दिया।

SIR से प्रभावित लोगों के लिए जारी किया फॉर्म

कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर SIR प्रक्रिया से प्रभावित लोगों के लिए एक फॉर्म भी जारी किया है। संगठन ने उन लोगों से जानकारी मांगी है, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। पार्टी का कहना है कि वह ऐसे लोगों की आवाज उठाना चाहती है, जिनकी समस्याएं अक्सर सार्वजनिक चर्चा में जगह नहीं बना पातीं।

इससे पहले संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कोच्चि में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनका आंदोलन इस्तीफे और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित होने तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed