November 19, 2026

ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बना भोपाल, छह देशों की टीमें खिताब के लिए भिड़ीं, भारत आज मलेशिया से करेगा मुकाबला

0
untitled-1795077855

भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शानदार आगाज हो गया है। शहर पहली बार महिला हॉकी के इस बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में चीन और थाईलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। शुरुआती क्वार्टर के बाद चीन ने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। चीन ने दूसरे क्वार्टर में दो गोल दागे और तीसरे क्वार्टर में लगातार गोल करते हुए अपना स्कोर पांच तक पहुंचा दिया। मुकाबले में चीन का आक्रामक खेल देखने को मिला जबकि थाईलैंड की टीम गोल करने के लिए संघर्ष करती नजर आई।

19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में भारत समेत एशिया की छह मजबूत टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें चीन जापान कोरिया मलेशिया थाईलैंड और मेजबान भारत शामिल हैं। सभी टीमों के भोपाल पहुंचने के साथ ही शहर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी का माहौल बन गया है। टूर्नामेंट के जरिए भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर अपनी ताकत दिखाने और खिताब की दावेदारी मजबूत करने का मौका मिलेगा।

प्रतियोगिता के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले जा रहे हैं। दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मैच शुरू हुआ। इसके बाद दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर जापान और कोरिया की टीमें मैदान पर उतरेंगी। भारतीय हॉकी टीम शाम 4 बजकर 45 मिनट पर मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद शाम 6 बजकर 30 मिनट पर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। भारतीय प्रशंसकों की नजरें खास तौर पर मेजबान टीम के पहले मुकाबले पर टिकी हैं।

भोपाल के लिए यह आयोजन खेल के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2009 में शहर में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन हुआ था। हालांकि महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पहली बार भोपाल में आयोजित किया जा रहा है। ऐशबाग स्टेडियम में पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर के पुरुष हॉकी मुकाबले खेले जा चुके हैं। अब छह देशों की महिला टीमों की मौजूदगी से शहर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिला है।

विश्व रैंकिंग की बात करें तो चीन इस प्रतियोगिता में सबसे मजबूत टीम मानी जा रही है। चीन चौथे स्थान पर है जबकि भारतीय टीम सातवें स्थान पर मौजूद है। जापान 11वें और कोरिया 15वें स्थान पर है। मलेशिया की टीम 21वें जबकि थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने चीन जैसी मजबूत टीम को चुनौती देने के साथ-साथ खिताब जीतने का लक्ष्य भी होगा।

लीग चरण में भारतीय टीम को पांच मुकाबले खेलने हैं। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच टीम इंडिया से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। टूर्नामेंट में हर मैच के साथ अंक तालिका की तस्वीर बदलेगी और सेमीफाइनल की दौड़ रोमांचक होती जाएगी। भोपाल में पहली बार हो रहे इस बड़े महिला हॉकी आयोजन से न सिर्फ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिल रहा है बल्कि शहर के हॉकी प्रेमियों को भी विश्वस्तरीय मुकाबले देखने का मौका मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed