हेलमेट पहना और पिस्टल से बरसाईं 6 गोलियां, इंदौर में कॉलोनी के बाहर फायरिंग कर फरार हुआ बदमाश
गांधी नगर पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। उस समय गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर गार्ड बुद्धदेव सेन ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक वहां पहुंचा। इससे पहले कि गार्ड कुछ समझ पाता आरोपी ने पिस्टल निकाली और लगातार छह फायर कर दिए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गार्ड को दौड़ता देख मौके से भागा आरोपी
फायरिंग की आवाज सुनकर गार्ड बुद्धदेव सेन तुरंत युवक की तरफ दौड़े। गार्ड को अपनी ओर आता देखकर बदमाश वहां से भाग गया। इसके बाद गार्ड ने तत्काल सिक्योरिटी इंचार्ज प्रमोद पटेल को घटना की जानकारी दी। सिक्योरिटी इंचार्ज की सूचना पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां से पिस्टल के छह खाली कारतूस के खोखे बरामद हुए।
पुलिस ने सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटा रही है ताकि बदमाश के आने और भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। हालांकि देर रात तक पुलिस को कोई अहम फुटेज या सुराग नहीं मिला था।
बिल्डर को डराने की आशंका से भी जांच
पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी ने कॉलोनी के गेट पर फायरिंग किस मकसद से की। जांच में इस आशंका को भी शामिल किया गया है कि कहीं यह घटना कॉलोनी के बिल्डर को डराने या दबाव बनाने के इरादे से तो नहीं की गई। हालांकि अभी तक इस एंगल की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और फायरिंग की वजह सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
धमकी के मामलों के बीच बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंदौर के लसूड़िया इलाके में एक ट्रांसपोर्टर को रोहित गोदारा गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने ट्रांसपोर्टर को गोली मारने की धमकी दी थी। बाद में उनके बेटे को भी धमकाया गया था। उस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है।
हालांकि गोधा एस्टेट में हुई फायरिंग का उस धमकी वाले मामले से कोई संबंध अभी सामने नहीं आया है। पुलिस दोनों घटनाओं को अलग-अलग तथ्यों के आधार पर देख रही है। फिलहाल गांधी नगर पुलिस आरोपी की तलाश और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
