November 20, 2026

MP में बढ़ी ठंड, करौंदी में 7.2 डिग्री पर पहुंचा पारा, भोपाल-जबलपुर समेत 7 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे

0
photo-1-1-1795147312

भोपाल । मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। भोपाल और जबलपुर समेत सात शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल ठंड का असर बना रहेगा। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर तक कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है।

पचमढ़ी से भी ठंडे रहे भोपाल-जबलपुर

प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके मुकाबले भोपाल और जबलपुर में पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। अन्य शहरों में दमोह और खजुराहो का तापमान 10 डिग्री, मलाजखंड में 10.1, रायसेन में 10.5, दतिया में 10.8, मंडला में 11, नौगांव में 11.2, ग्वालियर में 11.5, सतना में 11.7 और सागर में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा छिंदवाड़ा, गुना, श्योपुर, सीधी, धार, उज्जैन, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, इंदौर, सिवनी और बैतूल में भी रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

20 से 22 नवंबर तक आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से 20 से 22 नवंबर तक प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने के कारण भारी बारिश की आशंका नहीं जताई गई है।

20 नवंबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

21 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में आंधी-बारिश हो सकती है। वहीं, 22 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed