November 20, 2026

नए डीजीपी की नियुक्ति पर बड़ा अपडेट, जी अखेतो सेमा ने वापस लिया नाम, अब 11 अफसरों में से चुना जाएगा पैनल

0
untitled-1795155039

भोपाल। मध्य प्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी की नियुक्ति को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश के अगले पुलिस प्रमुख के चयन के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में राज्य सरकार की ओर से भेजे गए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा और इनमें से तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। पहले यह बैठक दोपहर 3 बजे निर्धारित थी लेकिन बाद में इसका समय बदलकर दोपहर 12:30 बजे कर दिया गया। बैठक की तारीख और स्थान में कोई बदलाव नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 22 नवंबर तक नए डीजीपी के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

राज्य सरकार ने नए डीजीपी के चयन के लिए यूपीएससी को वरिष्ठता क्रम में 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे थे। इस सूची में वरुण कपूर उपेंद्र जैन प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव पंकज श्रीवास्तव आदर्श कटियार जी अखेतो सेमा अनिल कुमार रवि गुप्ता अनंत कुमार सिंह मनमीत नारंग राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता के नाम शामिल हैं। हालांकि चयन प्रक्रिया के बीच एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। सूची में शामिल आईपीएस अधिकारी जी अखेतो सेमा ने अपना नाम वापस लेने की इच्छा जताते हुए राज्य सरकार को पत्र भेज दिया है। ऐसे में अब 11 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा। वहीं मनमीत नारंग फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।

यूपीएससी की बैठक में आयोग के चेयरमैन या उनके प्रतिनिधि के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला शामिल होंगे। प्रदेश के मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाणा भी इस चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। बैठक में अधिकारियों की वरिष्ठता और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार पैनल में शामिल अधिकारियों में से किसी एक को प्रदेश का नया पुलिस प्रमुख नियुक्त करने का फैसला लेगी।

फिलहाल जिन तीन नामों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है उनमें वरिष्ठता क्रम के पहले तीन अधिकारी वरुण कपूर उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों के खिलाफ कोई शिकायत या जांच लंबित नहीं है। इसी वजह से इनके नाम पैनल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय यूपीएससी की बैठक में होने वाली चर्चा और तय प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि इन तीन नामों में से किसी पर सहमति नहीं बनती है तो वरिष्ठता क्रम में चौथे नंबर पर मौजूद पंकज श्रीवास्तव के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।

नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी विदेश दौरे को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री 23 नवंबर को निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने दक्षिण कोरिया रवाना होंगे। इससे पहले प्रदेश में नए पुलिस प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के कोरिया दौरे से पहले यानी 22 नवंबर तक नए डीजीपी के नाम की घोषणा हो सकती है। यूपीएससी की बैठक में तीन नामों का पैनल तैयार होने के बाद सरकार के पास अंतिम चयन का विकल्प होगा। अब सबकी नजर दिल्ली में होने वाली बैठक पर है क्योंकि इसी के बाद मध्य प्रदेश पुलिस की कमान संभालने वाले नए अधिकारी के नाम को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed