होटल में नौकरी का झांसा देकर दुबई बुलाया, पहुंचते ही बंधक बनाकर कराया गलत काम, दिव्यांग पति ने लगाई गुहार
यह मामला उस परिवार से जुड़ा है जिसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। महिला का पति दिव्यांग है और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए महिला नौकरी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान वॉट्सऐप के जरिए एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। उसने महिला को दुबई के एक होटल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और हर महीने 1.25 लाख रुपये वेतन मिलने की बात कही। अच्छी कमाई की उम्मीद में महिला ने इस प्रस्ताव पर भरोसा कर लिया और दुबई चली गई।
दुबई पहुंचते ही बदल गई पूरी कहानी
महिला के पति की शिकायत और केंद्रीय मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक दुबई पहुंचने के बाद महिला को कथित तौर पर देह व्यापार में धकेल दिया गया। उससे जबरन यह काम कराने की कोशिश की गई। महिला ने इसका विरोध किया तो उसे बंधक बना लिया गया। आरोप है कि उसके पासपोर्ट को भी अपने कब्जे में ले लिया गया ताकि वह वहां से निकलकर वापस भारत न लौट सके। इतना ही नहीं उसे आजाद करने के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए।
इस बीच भारत में महिला का परिवार परेशान था। पत्नी के बंधक बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके दिव्यांग पति ने मदद के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के पुणे स्थित कार्यालय का रुख किया। वह जंगली महाराज रोड स्थित मंत्री के कार्यालय पहुंचा और अपनी पत्नी को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई। उसने बताया कि उसकी पत्नी को दुबई में बंधक बनाकर रखा गया है और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया है।
केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद शुरू हुई वापसी की कोशिश
शिकायत मिलने के बाद मुरलीधर मोहोल के कार्यालय ने महिला से संपर्क करने और उसे सुरक्षित वापस लाने के प्रयास शुरू किए। मंत्री ने इस मामले में विदेश मंत्रालय से मदद मांगी। इसके बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को भी सक्रिय किया गया। वहां मौजूद अधिकारियों ने महिला का पता लगाने और उससे लगातार संपर्क बनाए रखने की कोशिश की।
इस पूरे प्रयास में संयुक्त अरब अमीरात में महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधि और आईपीएफ महाहेल्पलाइन के प्रमुख राहुल तुलपुले से भी संपर्क किया गया। लगातार कोशिशों के बाद महिला का पासपोर्ट वापस मिल सका। इसके बाद वह कथित बंधन से बाहर निकलने में सफल हुई। महाहेल्पलाइन के सदस्यों ने उसे सुरक्षित भारतीय वाणिज्य दूतावास तक पहुंचाया। जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मंत्री के कार्यालय की ओर से उसके लिए भारत आने का हवाई टिकट बुक कराया गया। आखिरकार महिला सुरक्षित मुंबई लौट आई।
पुलिस से एजेंट नेटवर्क की जांच की मांग
इस घटना के बाद मुरलीधर मोहोल ने पुणे पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे ऐसे एजेंटों का नेटवर्क हो सकता है जो महिलाओं को विदेश में अच्छी नौकरी और मोटे वेतन का लालच देकर भेजते हैं और बाद में उनका शोषण करते हैं। उन्होंने पुलिस से संबंधित सरकारी एजेंसियों की मदद लेकर मामले की तह तक पहुंचने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
यह घटना विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए गंभीर चेतावनी है। खासकर सोशल मीडिया और वॉट्सऐप के जरिए मिलने वाले नौकरी के प्रस्तावों की पूरी जांच करना जरूरी है। विदेश जाने से पहले कंपनी की वास्तविकता और भर्ती एजेंट की विश्वसनीयता की पुष्टि करना बेहद अहम है। एक छोटी सी लापरवाही किसी व्यक्ति को बड़े खतरे में डाल सकती है।
