November 21, 2026

MP में सर्दी का असर तेज, गिरवर में पारा 7.1 डिग्री, भोपाल रहा दूसरा सबसे ठंडा शहर

0
photo-1-1795233879

भोपाल। पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में सर्दी तेज हो गई है। शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भोपाल 9 डिग्री के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग ने रीवा और शहडोल संभाग के सात जिलों में हल्की बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। वहीं, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर चलने का अलर्ट है।

शनिवार सुबह मंडला में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के कमजोर पड़ने से प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन अगले दो दिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

गिरवर में सबसे कम 7.1 डिग्री तापमान

बीती रात प्रदेश के अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। शाजापुर जिले के गिरवर में पारा सबसे नीचे 7.1 डिग्री पर पहुंच गया। नहर और आसपास हरियाली वाले इलाके होने के कारण यहां ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

भोपाल 9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन और धार में 9.4 डिग्री तथा दमोह में 9.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

ज्यादातर शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे

प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री या उससे कम रहा। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर और रायसेन में शीतलहर का असर देखने को मिला। शनिवार को राजगढ़ और शाजापुर में भी शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, नौगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और खजुराहो में 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री और जबलपुर व उमरिया में 10.9 डिग्री तापमान रहा।

इसके अलावा गुना, सागर, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, उज्जैन, सतना, खंडवा, रतलाम, सीधी, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, पचमढ़ी, मंडला, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सिवनी, खरगोन और मलाजखंड में भी पारा 15 डिग्री से नीचे बना रहा।

सात जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, शनिवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान है। इससे पहले शहडोल संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा चुकी है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से गुरुवार से ही प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। शुक्रवार को भी कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रही। शनिवार और रविवार को कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

सिस्टम कमजोर, भारी बारिश की संभावना नहीं

मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव अब कमजोर पड़ गया है। इसी वजह से मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठिठुरन

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश के तापमान पर भी पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड और तेज हो सकती है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed