भारत के मंच पर पाकिस्तान के मंत्री ने लिया हुमायूं और शेरशाह का नाम, बयान सुनकर चर्चा में आया SCO सम्मेलन
मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि जिस किले में आज सभी लोग बैठे हैं उसकी कहानी भी काफी दिलचस्प है। उन्होंने बताया कि इसकी बुनियाद मुगल शासक हुमायूं से जुड़ी है जो तैमूर के वंशज थे और मध्य एशिया से भारत आए थे। इसके बाद शेरशाह सूरी ने इस किले को आगे बढ़ाया। शेरशाह सूरी अफगान मूल के शासक थे। मलिक ने इन दोनों ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही स्थान से जुड़ी दो अलग ऐतिहासिक पृष्ठभूमियां सभ्यताओं के बीच विविधता और संवाद की मिसाल हैं।
पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि सभ्यताओं के बीच संवाद का मतलब ही अलग अलग पहचानों और विविधताओं को समझना है। उन्होंने इसी संदर्भ में पुराना किला और उससे जुड़ी ऐतिहासिक परतों का उल्लेख किया। मलिक ने अपने संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया। उन्होंने उर्दू में भी पुराना किला को इतिहास की कहानी से जोड़ते हुए अपनी बात रखी।
पुराना किला दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके निर्माण तथा विकास को लेकर हुमायूं और शेरशाह सूरी दोनों का नाम इतिहास में दर्ज है। हुमायूं ने इस क्षेत्र में दीनपनाह नामक शहर बसाने की कोशिश की थी जबकि शेरशाह सूरी के शासनकाल में किले के निर्माण और विस्तार का काम आगे बढ़ा। यही ऐतिहासिक संदर्भ पाकिस्तान के मंत्री के भाषण का प्रमुख आधार बना।
भारत इस समय पुराना किला परिसर में तीन दिवसीय सभ्यतागत शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था। इसमें एससीओ के सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। पाकिस्तान की ओर से मुसादिक मलिक की मौजूदगी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव बना हुआ है। ऐसे माहौल में पाकिस्तान के किसी मंत्री का भारत दौरा और भारतीय इतिहास से जुड़े प्रमुख शासकों का मंच से उल्लेख राजनीतिक और कूटनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
मलिक ने अपने संबोधन में यह भी रेखांकित किया कि सभ्यतागत संवाद का उद्देश्य अलग अलग संस्कृतियों और पहचानों को एक दूसरे से जोड़ना है। उन्होंने पुराना किला को इसी विचार का उदाहरण बताते हुए कहा कि इतिहास की अलग अलग परतें एक ही स्थान पर मौजूद हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत में आयोजित इस मंच पर कई देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।
