November 23, 2026

किसानों से गांवों तक मोहन सरकार के बड़े फैसलों की तैयारी, कमजोर सहकारी बैंकों को मिलेगी पूंजी और घर-घर पहुंचेगी बिजली

0
untitled-1795412519

भोपाल  | मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में होने वाली कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इस बैठक में प्रदेश की खनिज संपदा से लेकर किसानों और ग्रामीण परिवारों तक को प्रभावित करने वाले फैसले लिए जा सकते हैं। सरकार राज्य खनिज अन्वेषण नीति 2026 को मंजूरी देने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर जिला सहकारी बैंकों को सरकारी मदद देने की तैयारी में है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के नए और अब तक बिजली से वंचित घरों तक बिजली पहुंचाने तथा सहकारी संस्थाओं के चुनाव की समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने पर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

दरअसल कैबिनेट की यह बैठक पहले मंगलवार को आयोजित की जानी थी लेकिन गुरु नानक जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश होने के कारण इसे एक दिन पहले सोमवार को बुलाया गया है। बैठक में चार प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण राज्य खनिज अन्वेषण नीति 2026 का प्रस्ताव है। मध्यप्रदेश में खनिज संपदा के नए भंडारों की पहचान करने और उनका बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से सरकार यह नई नीति लाने जा रही है। इसके तहत वैज्ञानिक तरीके से खनिजों की खोज को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही निजी और सरकारी एजेंसियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा। इससे खनन क्षेत्र में निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ सरकार के राजस्व में भी इजाफा होने की उम्मीद है।

कैबिनेट बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को सरकारी अंश पूंजी सहायता देने के प्रस्ताव पर भी फैसला हो सकता है। प्रदेश के कुछ सहकारी बैंक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में उनकी वित्तीय स्थिति सुधारने और पूंजी पर्याप्तता अनुपात यानी सीआरएआर को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाने के लिए सरकार मदद देने की तैयारी कर रही है। इसका सीधा फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने पर वे किसानों को खाद बीज और खेती से जुड़े दूसरे जरूरी कार्यों के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध करा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा का विस्तार करने के लिए भी सरकार महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है। आबादी बढ़ने के कारण गांवों में कई नए घर बन गए हैं जो अभी तक बिजली कनेक्शन से वंचित हैं। इसके अलावा कुछ मजरे और टोले ऐसे हैं जहां अब तक बिजली की लाइनें नहीं पहुंच पाई हैं। कैबिनेट में ऐसे घरों तक बिजली पहुंचाने की कार्ययोजना को मंजूरी मिल सकती है। इसके तहत बिजली वितरण कंपनियों के माध्यम से नए बिजली खंभे और लाइनें बिछाई जाएंगी। इससे ग्रामीण परिवारों को घरेलू उपयोग के साथ छोटे व्यवसाय और रोजगार से जुड़े काम करने में भी सुविधा मिलेगी।

बैठक में सहकारी संस्थाओं के चुनाव की समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण रहने वाला है। मध्यप्रदेश सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 के तहत बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं यानी पैक्स विपणन समितियों और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के लंबित चुनावों को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार चुनाव होने तक वर्तमान व्यवस्था प्रशासकों के माध्यम से जारी रखी जा सकती है। सरकार का तर्क है कि चुनावी प्रक्रिया के कारण समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी और किसानों को खाद बीज वितरण जैसे जरूरी काम प्रभावित नहीं होने चाहिए। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इन प्रस्तावों पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed