November 23, 2026

घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन बंद तो कैसे जलेगा चूल्हा? 5 किलो गैस से लेकर इंडक्शन तक का पूरा खर्च जानकर रह जाएंगे हैरान

0
0000000000-1774075991

भोपाल | मध्य प्रदेश में रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। नए घरेलू गैस कनेक्शन मिलने पर रोक के कारण हजारों परिवारों के सामने अब खाना बनाने का संकट खड़ा हो गया है। मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन जारी नहीं किया जा रहा है। भोपाल इंदौर ग्वालियर और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में करीब 70 हजार आवेदन अटके हुए हैं। हालात यह हैं कि लोग जरूरी दस्तावेज लेकर गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। गैस कंपनियों ने अपने सॉफ्टवेयर से ही 14.2 किलो वाले सिलेंडर का विकल्प हटा दिया है। ऐसे में लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नया कनेक्शन ही नहीं मिलेगा तो घर का चूल्हा कैसे जलेगा।

दरअसल यह समस्या केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है बल्कि देशभर में सरकारी तेल कंपनियों इंडेन एचपी और भारत गैस ने मार्च के मध्य से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने पर रोक लगा रखी है। पहले करीब 4 हजार रुपए में चूल्हा रेगुलेटर और भरे सिलेंडर के साथ नया कनेक्शन मिल जाता था लेकिन अब लोगों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। फिलहाल 5 किलो का छोटा सिलेंडर उन परिवारों के लिए एक विकल्प बना हुआ है जिन्हें तत्काल गैस की जरूरत है। इसके लिए केवल पहचान पत्र की जरूरत है और पते का प्रमाण देना अनिवार्य नहीं है। इसके अलावा कुछ एजेंसियां 10 किलो का सिलेंडर भी उपलब्ध करा रही हैं जिसकी कीमत करीब 4700 से 4800 रुपए बताई जा रही है।

गैस कनेक्शन की परेशानी के बीच पीएनजी यानी पाइपलाइन से मिलने वाली रसोई गैस को लेकर भी लोगों के मन में कई सवाल हैं। केंद्र सरकार ने 14 मार्च 2026 को एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर में बदलाव किया था। इसके मुताबिक जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध है वे घरेलू एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकते और न ही नया सिलेंडर रिफिल करा सकते हैं। हालांकि 25 मई को इसमें राहत देते हुए 30 दिन के भीतर एलपीजी कनेक्शन बंद कराने या ट्रांसफर वाउचर लेने का विकल्प दिया गया। इस वाउचर के जरिए भविष्य में ऐसे इलाके में शिफ्ट होने पर दोबारा एलपीजी कनेक्शन शुरू कराया जा सकता है जहां पीएनजी की सुविधा नहीं है। जिन इलाकों में पाइपलाइन नहीं पहुंची है वहां लोगों के लिए पीएनजी लेना अनिवार्य नहीं किया गया है।

दूसरी ओर घरेलू गैस के मुकाबले दूसरे विकल्प लोगों की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। भोपाल में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 947.50 रुपए का है जबकि 5 किलो के छोटे सिलेंडर का रिफिल 500 से 700 रुपए तक पड़ रहा है। यानी इसकी गैस सामान्य सिलेंडर के मुकाबले काफी महंगी है। वहीं 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2700 रुपए से ज्यादा में मिल रहा है। खुले बाजार में भी गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। इंदौर में 14 किलो के सिलेंडर के लिए 1500 से 1600 रुपए तक वसूले जाने की शिकायतें हैं। इसके अलावा इंडक्शन चूल्हा भी एक विकल्प है लेकिन इसके लिए अलग से चूल्हा और बर्तन खरीदने पड़ेंगे। बिजली की खपत का खर्च भी परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डालेगा।

इस पूरे संकट के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होर्मुज स्ट्रेट में पैदा हुए तनाव को बड़ी वजह माना जा रहा है। भारत अपनी जरूरत की करीब 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात करता है और इसमें से लगभग 90 प्रतिशत गैस होर्मुज जलमार्ग से होकर आती है। अमेरिका इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण मार्च में इस समुद्री रास्ते पर संकट गहरा गया था। इसके बाद सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सप्लाई में प्राथमिकता दी और नए कनेक्शन रोक दिए। हालांकि गैस कंपनियों ने अब तक नए कनेक्शन बंद रखने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है। ऐसे में 70 हजार आवेदनकर्ताओं को राहत कब मिलेगी यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed