November 24, 2026

नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला; यौन मंशा साबित हुई तो POCSO के तहत होगी कार्रवाई

0
untitled-1795519255
इंदौर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि यदि किसी नाबालिग लड़की का हाथ यौन मंशा से पकड़ा जाता है तो यह पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन हमला माना जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि केवल शारीरिक संपर्क को अलग से देखने के बजाय घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की मंशा को देखा जाना जरूरी है। यदि उपलब्ध साक्ष्यों से यौन मंशा साबित होती है तो ऐसा कृत्य पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के दायरे में आता है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने आरोपी की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी।

यह फैसला जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच ने आरोपी की अपील पर सुनवाई करते हुए सुनाया। आरोपी ने विशेष न्यायाधीश की ओर से पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा को चुनौती दी थी। मामले में आखिरी सुनवाई 28 अक्टूबर 2026 को हुई थी जबकि कोर्ट ने 16 नवंबर को अपना आदेश जारी किया। हाईकोर्ट ने मामले में पेश किए गए साक्ष्यों और घटना की परिस्थितियों का परीक्षण करने के बाद ट्रायल कोर्ट के फैसले में दखल देने का कोई आधार नहीं पाया।

अभियोजन के अनुसार घटना 23 सितंबर 2020 की है। पीड़िता के घर पर आरोपी यूसुफ मिस्त्री का काम करता था। घटना के समय नाबालिग लड़की के माता-पिता और उसकी बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने लड़की का हाथ यौन मंशा से पकड़ लिया। लड़की ने इसका विरोध किया लेकिन आरोपी ने उसका हाथ नहीं छोड़ा। इसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में गई और खुद को बचाने के लिए दरवाजा बंद कर लिया। आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं देने की धमकी भी दी थी।

बाद में नाबालिग ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद मामले की शिकायत रावजी बाजार थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला अदालत पहुंचा और विशेष न्यायाधीश ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। आरोपी ने इसी फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान पीड़िता की उम्र से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों को भी महत्वपूर्ण माना। कोर्ट ने कहा कि पीड़िता की गवाही मामले के महत्वपूर्ण तथ्यों पर लगातार बनी रही। पुलिस को दिए बयान और अदालत में दिए बयान के बीच मामूली अंतर को अदालत ने स्वाभाविक माना। इसी तरह मां और बच्ची के बयान में छोटे अंतर होने को भी ऐसा विरोधाभास नहीं माना गया जिससे अभियोजन का मूल मामला कमजोर हो जाए।

बेंच ने यह भी स्पष्ट किया कि यौन अपराध के मामलों में यदि पीड़िता की गवाही विश्वसनीय और भरोसेमंद है तो केवल इस आधार पर दोषसिद्धि को कमजोर नहीं किया जा सकता कि स्वतंत्र रूप से हर तथ्य की पुष्टि करने वाला कोई अन्य गवाह मौजूद नहीं है। कोर्ट ने मामले की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए आरोपी की अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया।

हाईकोर्ट के इस फैसले में पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के उस प्रावधान की व्याख्या सामने आती है जिसमें यौन मंशा से शारीरिक संपर्क के जरिए किए गए कृत्य को यौन हमला माना जाता है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी कृत्य की प्रकृति तय करने में आरोपी की मंशा और घटना की परिस्थितियां अहम भूमिका निभाती हैं। इसी निष्कर्ष के आधार पर ट्रायल कोर्ट की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed