November 25, 2026

साढ़े 4 साल की उम्र से वायलिन बजा रहीं गंगा ने उज्जैन में बांधा समां, फ्रैक्चर के बावजूद नहीं रुका संगीत का सफर

0
untitled-1795592594

उज्जैन । महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित अखिल भारतीय कालिदास समारोह के चौथे दिन केरल की 13 वर्षीय वायलिन वादक गंगा शशिधरन ने अपनी शानदार प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंगलवार रात उनकी प्रस्तुति का खास आकर्षण उनका संगीत ही नहीं बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी मंच पर डटे रहने का जज्बा रहा। पैर में चोट और फ्रैक्चर होने के बावजूद गंगा ने करीब तीन घंटे तक बैठकर वायलिन बजाया। इस दौरान उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर लोकगीतों और बॉलीवुड के लोकप्रिय गानों की धुनें सुनाईं। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरे आयोजन स्थल पर संगीत का खास माहौल बन गया।

गंगा शशिधरन ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत महिषासुर मर्दिनी स्तोत्र से की। इसके बाद उन्होंने गणेश वंदना और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत की मनमोहक धुनें पेश कीं। उनकी उंगलियां जब वायलिन के तारों पर चलतीं तो संगीत के साथ उनके चेहरे के भाव और मुस्कान भी दर्शकों का ध्यान खींचते रहे। गंगा की प्रस्तुति में भावों की अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वह खड़े होकर प्रस्तुति नहीं दे सकती थीं इसलिए उन्होंने बैठकर ही लगातार वादन किया। इसके बावजूद उनके संगीत में उत्साह और लय की कोई कमी नजर नहीं आई।

शास्त्रीय संगीत के बाद गंगा ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की धुनें सुनाकर दर्शकों को एक अलग ही रंग में रंग दिया। उन्होंने गोरी तेरा गांव बड़ा प्यारा और मेरे ढोलना सुन जैसे गीतों के साथ तू ही रे की धुन वायलिन पर पेश की। इन लोकप्रिय धुनों को सुनकर श्रोता तालियां बजाने लगे। करीब तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में गंगा ने अपनी कला के अलग-अलग रंग दिखाए। छोटी उम्र में उनकी संगीत पर पकड़ और मंच पर प्रस्तुति देने का आत्मविश्वास देखकर दर्शक प्रभावित नजर आए।

कार्यक्रम के बाद गंगा ने महाकाल की नगरी में प्रस्तुति देने को अपने लिए यादगार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल और मंच बेहद शानदार है। शहर की खूबसूरती और दर्शकों का उत्साह देखकर वह अभिभूत हैं। उनके मुताबिक इस अनुभव को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। गंगा ने यह भी कहा कि वह बार-बार उज्जैन आना चाहती हैं और यहां के मंच पर फिर से प्रस्तुति देना चाहेंगी।

केरल के गुरुवायुर की रहने वाली गंगा शशिधरन ने बहुत छोटी उम्र में वायलिन सीखना शुरू कर दिया था। वह महज साढ़े चार साल की उम्र से वायलिन बजा रही हैं। सात साल की उम्र में उन्होंने अपनी पहली सोलो प्रस्तुति दी थी। इसके बाद धीरे-धीरे उनकी पहचान देशभर में बनने लगी। अब तक वह 500 से अधिक मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनके वायलिन वादन के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखे जाते हैं। लाखों फॉलोअर्स और करोड़ों व्यूज के कारण उन्हें एक्सप्रेशन क्वीन और क्वीन ऑफ स्ट्रिंग्स के नाम से भी जाना जाता है।

गंगा की खासियत केवल वायलिन बजाने तक सीमित नहीं है। वह संगीत की धुनों के साथ अपनी आंखों और चेहरे के भावों से भी भावनाएं व्यक्त करती हैं। यही अंदाज उनकी प्रस्तुतियों को अलग पहचान देता है। उज्जैन के कालिदास समारोह में उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि संगीत के प्रति लगन और समर्पण उम्र या परिस्थितियों का मोहताज नहीं होता। पैर में फ्रैक्चर के बावजूद तीन घंटे तक मंच पर उनका वादन दर्शकों के लिए यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed