November 25, 2026

तीन दुष्कर्म मामलों के बाद प्रशासन की कार्रवाई, चांद मियां का तीन मंजिला मकान तोड़ा; शरद के घर पर भी चला बुलडोजर

0
untitled-1795593160

विदिशा । मध्यप्रदेश के विदिशा में नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों के बाद प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े दो मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की है। बुधवार को तोपपुरा और खामबाबा इलाके में नगर पालिका की टीम ने अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों स्थानों पर करीब 150 पुलिस जवान तैनात किए गए। कार्रवाई में नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने पोकलेन मशीन की मदद से मकानों के अवैध हिस्सों को तोड़ना शुरू किया।

तोपपुरा इलाके में चांद मियां उर्फ चांद खां के तीन मंजिला मकान पर कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र के खामबाबा में शरद गोस्वामी के मकान का अवैध निर्माण हटाया जा रहा है। शहर में 14 नवंबर को नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामले सामने आए थे। इन घटनाओं के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी थी। अब प्रशासन ने मकानों में निर्माण संबंधी अनियमितताओं की जांच के बाद यह कदम उठाया है।

नगर पालिका के मुताबिक तोपपुरा निवासी चांद मियां के मकान पर कार्रवाई से पहले दस्तावेजों की जांच की गई थी। नगर पालिका की विशेष साधारण सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद मकान से जुड़े कागजात खंगाले गए। जांच में भवन नजूल की जमीन पर अवैध रूप से बना पाया गया। चांद मियां के परिजनों ने प्लॉट की रजिस्ट्री नगर पालिका के सामने पेश की थी लेकिन भवन निर्माण की अनुमति से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। इसके बाद प्रशासन ने मकान पर कार्रवाई शुरू की।

दूसरी ओर खामबाबा निवासी शरद गोस्वामी के मकान के निर्माण और भू-स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी नगर पालिका ने मांगे थे। अधिकारियों के अनुसार शरद के परिजनों को 13 से 16 नवंबर के बीच नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद अंतिम नोटिस भी मकान पर चस्पा किया गया। निर्धारित समय सीमा में वैध दस्तावेज जमा नहीं किए जाने के बाद अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। दोनों मकानों पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका ने अलग-अलग दल बनाए थे। पोकलेन मशीन किराए पर लेकर निर्माण हटाया जा रहा है। कार्रवाई पर आने वाला खर्च भी संबंधित पक्षों से वसूलने की बात कही गई है।

इधर दुष्कर्म के एक मामले में फरार आरोपी राकेश अहिरवार को कोतवाली पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। दुर्जनपुरा निवासी 19 वर्षीय राकेश को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे फरार आरोपी शरद गोस्वामी और घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। मामले की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल यानी एसआईटी भी गठित किया गया है। शरद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

तीसरे दुष्कर्म मामले के आरोपी विशाल किरार की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। नगर पालिका अशोकनगर रोड स्थित मल्टी में उसके मकान और अन्य संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार निर्माण में अनियमितता या अवैध हिस्सा पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दोनों स्थानों पर बुलडोजर कार्रवाई को देखते हुए जिले के पुलिस बल के साथ बाहर से भी करीब 150 अतिरिक्त जवान बुलाए गए। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि करने या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के बीच पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामलों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed