November 25, 2026

सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से किया इनकार..

0
15-1795594930
नई दिल्ली ।2020 के दिल्ली दंगों की साजिश से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। बुधवार को दोनों की नई जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। अदालत ने स्पष्ट किया कि अंतरिम जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले दूसरे पक्ष का पक्ष सुनना जरूरी है। दोनों आरोपी छह साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं।

सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत से अंतरिम जमानत की मांग पर जल्द विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने दलील दी कि खालिद लंबे समय से हिरासत में हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद छह साल से अधिक समय बीत चुका है। इस आधार पर उन्होंने मामले में अंतरिम राहत देने का अनुरोध किया।

हालांकि, मुख्य न्यायाधीश जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने तत्काल अंतरिम जमानत देने पर सहमति नहीं जताई। अदालत ने कहा कि इस मांग पर विचार करने से पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष जानना आवश्यक है। इसके बाद दोनों आरोपियों की याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के लिए तीन न्यायाधीशों की पीठ गठित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश भी दिया। अदालत ने रजिस्ट्री से कहा कि इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखा जाए, ताकि तीन जजों की पीठ के गठन पर निर्णय लिया जा सके। इससे संकेत मिलता है कि मामले में जमानत से जुड़े कानूनी प्रश्नों पर व्यापक विचार की जरूरत महसूस की जा रही है।

इस निर्देश का संबंध सुप्रीम कोर्ट के 22 मई को तस्लीम अहमद मामले में दिए गए आदेश से है। उस समय दो न्यायाधीशों की पीठ ने यूएपीए के तहत जमानत से जुड़े कुछ कानूनी पहलुओं पर विचार करते हुए बड़ी पीठ के गठन की आवश्यकता जताई थी। इसके पीछे गुलफिशा फातिमा मामले और केए नजीब मामले में सामने आए कानूनी दृष्टिकोणों के बीच संभावित अंतर को लेकर सवाल थे।

केए नजीब मामले में सुप्रीम कोर्ट ने माना था कि यदि किसी आरोपी को लंबे समय तक हिरासत में रखा जाता है और मुकदमे की सुनवाई में असामान्य देरी होती है, तो जमानत देने पर विचार किया जा सकता है। यह सिद्धांत यूएपीए जैसे सख्त कानूनों के तहत दर्ज मामलों में भी लागू हो सकता है। इस कानून में जमानत के लिए कठोर शर्तें निर्धारित हैं, लेकिन लंबे समय तक मुकदमा लंबित रहने का पहलू भी न्यायिक विचार का विषय रहा है।

इसी कानूनी बहस के बीच सैयद इफ्तिखार अंद्राबी बनाम एनआईए मामले में दो न्यायाधीशों की पीठ ने जनवरी में दिए गए गुलफिशा फातिमा फैसले के कुछ पहलुओं पर सवाल उठाए थे। उस फैसले में दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश के मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार किया गया था, जबकि पांच अन्य आरोपियों को राहत मिली थी।

इसके बाद जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने तस्लीम अहमद और खालिद सैफी को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। साथ ही, यूएपीए मामलों में जमानत के कानूनी सिद्धांतों को लेकर सामने आए मतभेदों पर विचार करने के लिए मामला बड़ी पीठ के पास भेजा गया था।

ताजा सुनवाई में उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत नहीं मिली है। अब दिल्ली पुलिस के जवाब और तीन न्यायाधीशों की पीठ के गठन से जुड़ी आगे की कार्यवाही पर इस मामले की अगली दिशा निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed