November 25, 2026

पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट जीशान अली को लेकर अंतरिक्ष पहुंचा चीन का रॉकेट, 27 साल में 29 सफल उड़ानों का रिकॉर्ड

0
25-1795599818
नई दिल्ली ।चीन ने अपने मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए तीन अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर शेनझोउ-24 मिशन लॉन्च किया है। इस मिशन में पाकिस्तान के लड़ाकू पायलट मोहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं, जो कक्षा में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। बुधवार को चीन के लॉन्ग मार्च 2F रॉकेट से रवाना हुए तीनों अंतरिक्ष यात्रियों ने सफलतापूर्वक तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश कर लिया। वहां पहले से मौजूद शेनझोउ-23 मिशन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

इस मिशन की खास बात यह है कि चीन ने पहली बार अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को पहुंचने का अवसर दिया है। पाकिस्तान के लिए भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अब उसका एक नागरिक पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थित अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2023 में पाकिस्तानी नागरिक नमिरा सलीम ने वर्जिन गैलेक्टिक की सब-ऑर्बिटल अंतरिक्ष पर्यटन उड़ान में हिस्सा लिया था। हालांकि, जीशान अली का मिशन उससे अलग है। वह अंतरिक्ष स्टेशन पर रहकर वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेंगे।

मिशन के लिए लॉन्ग मार्च 2F रॉकेट ने चीन के गोबी रेगिस्तान में स्थित जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 48 मिनट पर उड़ान भरी। लॉन्च के लगभग 10 मिनट बाद शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान रॉकेट से अलग होकर निर्धारित कक्षा में पहुंच गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित और स्वस्थ हैं। इस दल में जीशान अली के अलावा चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी शामिल हैं।

जीशान अली इस मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके साथ तांग होंगबो मिशन कमांडर और वू यी फ्लाइट इंजीनियर के रूप में काम करेंगे। तीनों अंतरिक्ष यात्रियों को लगभग एक सप्ताह तक तियांगोंग स्टेशन पर रहना है। इस दौरान वे माइक्रोग्रैविटी यानी बेहद कम गुरुत्वाकर्षण वाली परिस्थितियों में वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे। मिशन के दौरान कुल 90 प्रयोग किए जाने की उम्मीद है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वापसी के समय जीशान अली शेनझोउ-23 अंतरिक्ष यान के जरिए पृथ्वी पर लौटेंगे।

जीशान का चयन चीन और पाकिस्तान के बीच फरवरी 2025 में हुए द्विपक्षीय अंतरिक्ष सहयोग समझौते के तहत किया गया है। इस कार्यक्रम में जीशान अली और अंतरिक्ष यात्री उम्मीदवार खुर्रम दाऊद को प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। दोनों ने चीन में लगभग सात महीने तक प्रशिक्षण लिया। इस दौरान उन्हें अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ मैंडरिन भाषा का भी प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद जीशान अली को शेनझोउ-24 मिशन के लिए अंतिम रूप से चुना गया।

इस उड़ान में इस्तेमाल किया गया लॉन्ग मार्च 2F रॉकेट चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम का प्रमुख प्रक्षेपण यान है। इसकी शुरुआत 1990 के दशक में इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी के दौरान हुई थी। वर्ष 1999 में पहली बार लॉन्च होने के बाद से इस रॉकेट ने लगातार 29 सफल मिशन पूरे किए हैं। लगभग 58.3 मीटर ऊंचे इस रॉकेट का लिफ्ट-ऑफ द्रव्यमान करीब 497 टन और मुख्य हिस्से का व्यास 3.35 मीटर है।

रॉकेट के मुख्य हिस्से के साथ चार तरल ईंधन वाले स्ट्रैप-ऑन बूस्टर लगाए गए हैं, जो उड़ान के शुरुआती चरण में अतिरिक्त शक्ति प्रदान करते हैं। इसकी सुरक्षा व्यवस्था में शेनझोउ अंतरिक्ष यान के ऊपर लगा इमरजेंसी एस्केप सिस्टम भी शामिल है। लॉन्च के शुरुआती चरण में किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में यह सिस्टम अंतरिक्ष यात्रियों के कैप्सूल को रॉकेट से अलग कर सुरक्षित दूरी तक ले जाने में सक्षम है। अब तक इस रॉकेट के माध्यम से 30 चीनी अंतरिक्ष यात्री भी अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं।

चीन के लिए यह मिशन केवल एक और अंतरिक्ष प्रक्षेपण नहीं है। लगभग पांच वर्ष पहले तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद से चीन इसे अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग के केंद्र के रूप में विकसित करने की बात करता रहा है। विदेशी अंतरिक्ष यात्री की पहली भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए चीन पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान और सहयोग के लिए अपने अंतरिक्ष स्टेशन की भूमिका बढ़ाना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed