November 25, 2026

IAS बनकर करोड़ों की ठगी का आरोप, भोपाल में गिरफ्तार रामानुज के पास मिला BJP कार्ड; पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

0
untitled-1795604945

भोपाल । भोपाल में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोपी रामानुज गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के हाथ आरोपी के तीन ऐसे वीडियो लगे हैं जिनमें वह नोट गिनता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी मिला है। अब पुलिस इस कार्ड की प्रामाणिकता और आरोपी के राजनीतिक संपर्कों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कार्ड मिलने से फिलहाल किसी राजनीतिक पद या संरक्षण की पुष्टि नहीं होती है।

गांधी नगर पुलिस ने करीब 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर को मंगलवार रात गिरफ्तार किया था। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। मूल रूप से नरसिंहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला रामानुज भोपाल की एयरोसिटी कॉलोनी में पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि वह सरकारी काम कराने आर्म्स लाइसेंस बनवाने और सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए वसूलता था। अलग-अलग शिकायतों में ठगी की रकम करोड़ों रुपए तक बताई जा रही है।

जांच के दौरान सामने आए तीन वीडियो अब पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत माने जा रहे हैं। इन वीडियो में आरोपी नोटों की गड्डियां गिनता नजर आ रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब बनाए गए थे और उनमें दिखाई दे रही रकम का संबंध किसी शिकायत या ठगी की रकम से है या नहीं। वीडियो की जांच के साथ पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।

आरोपी के पास से भाजपा सदस्यता का कार्ड मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस यह पता कर रही है कि कार्ड कब जारी हुआ था और इसे हासिल करने की प्रक्रिया क्या थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी राजनीतिक व्यक्ति या संगठन से वास्तविक संपर्क था या वह लोगों को प्रभावित करने के लिए इस कार्ड का इस्तेमाल करता था।

हालिया शिकायत में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि रामानुज ने आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे सात लाख रुपए लिए। आरोपी ने दावा किया था कि कलेक्टर कार्यालय में उसकी अच्छी पहचान है और वह आसानी से लाइसेंस बनवा सकता है। इसके बाद दो बार में तीन लाख रुपए नकद लिए गए। तीन लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए जबकि एक लाख रुपए की डीडी उसके खाते में जमा कराई गई। कुल सात लाख रुपए लेने के बाद भी लाइसेंस नहीं बनवाया गया।

पुलिस को आरोपी के पुराने रिकॉर्ड से भी उसकी कथित ठगी का इतिहास सामने आया है। करीब 2012 में जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में उसने खुद को IAS अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी बताकर एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल की थी। आरोप है कि इस दौरान उसने करीब पांच लाख रुपए लिए थे। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार जेल से बाहर आने के बाद उसने नाम और पहचान बदलकर दोबारा लोगों को ठगना शुरू कर दिया।

भोपाल पुलिस को एक डॉक्टर से प्लॉट दिलाने के नाम पर करीब 30 लाख रुपए लेने की शिकायत भी मिली है। इसके अलावा कुछ सरपंचों से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर रकम वसूलने के आरोप सामने आए हैं। आरोपी लोगों को भरोसे में लेने के लिए बड़े अधिकारियों से करीबी और सरकारी तंत्र में ऊंची पहुंच होने का दावा करता था।

डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का है और नाम तथा पहचान बदलकर कई लोगों के साथ ठगी कर चुका है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है। फिलहाल एक मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है जबकि अन्य शिकायतों की जांच जारी है। पुलिस अब वीडियो सदस्यता कार्ड और आरोपी के संपर्कों की पड़ताल के जरिए ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed