November 26, 2026

मंडी हटाने की कार्रवाई या राजनीतिक हितों की जंग? इंदौर में पार्षद को लात और निगमकर्मी को थप्पड़ मारने के पीछे छिपी तीन वजहें

0
untitled-1795672096

इंदौर । इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगने वाली सब्जी मंडी का विवाद अब केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है। मंडी हटाने को लेकर शुरू हुआ विरोध राजनीतिक टकराव में बदल गया और मामला थप्पड़ मारने से लेकर पार्षद को लात मारे जाने तथा पुलिस थाने तक पहुंच गया। 21 नवंबर को नगर निगम की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ विवाद बुधवार को उस समय और बढ़ गया जब नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगमकर्मी सचिन को थप्पड़ मार दिया। वहीं कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को लात मारे जाने की घटना भी सामने आई। इस पूरे घटनाक्रम में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब सवाल यह है कि आखिर एक सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई ने शहर में इतना बड़ा राजनीतिक विवाद क्यों खड़ा कर दिया।

मामले की पड़ताल में मंडी विवाद के पीछे तीन प्रमुख कहानियां सामने आई हैं। इनमें मंडी की जगह को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच मतभेद से लेकर आसपास बन रही इमारतों को संभावित फायदा और ट्रैफिक से परेशान रहवासियों की मांग तक शामिल है। विवाद के केंद्र में नौ चेहरे बताए जा रहे हैं जिनकी अलग-अलग भूमिकाओं ने इस मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है।

मंडी या पार्किंग को लेकर भाजपा नेताओं में मतभेद

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि मंडी के भविष्य को लेकर भाजपा के दो प्रभावशाली नेताओं की राय अलग-अलग है। एक नेता ब्रिज के नीचे दुकानें बनवाकर सब्जी मंडी को व्यवस्थित रूप देना चाहते हैं। वहीं क्षेत्र की एक महिला नेत्री इस जगह पर पार्किंग बनाने के पक्ष में बताई जा रही हैं। दोनों प्रस्तावों के बीच सहमति नहीं बन पाने से विवाद बढ़ने की बात कही जा रही है। हालांकि इस खींचतान को लेकर सामने आई चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आसपास की इमारतों को फायदा मिलने की आशंका

विवाद की दूसरी कहानी ब्रिज के आसपास बन रही बड़ी इमारतों से जुड़ी है। क्षेत्र में कई भवन निर्माणाधीन हैं और इनमें कुछ इमारतें राजनीतिक रसूख वाले लोगों की बताई जा रही हैं। चर्चा है कि मंडी हटने से सड़क पर भीड़ कम होगी और आसपास का रास्ता खुला दिखाई देगा। इससे फ्लैट की बिक्री और संपत्तियों की कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। इसी आधार पर कुछ लोग मंडी हटाने की कार्रवाई के पीछे बिल्डिंग कारोबार को फायदा पहुंचाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसे फिलहाल आरोप तथा आशंका के तौर पर ही देखा जा रहा है।

जाम से परेशान रहवासी भी चाहते हैं समाधान

तीसरी वजह स्थानीय रहवासियों की परेशानी है। मंडी लगने के कारण सुबह और शाम सड़क पर जाम की स्थिति बनती है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। कुछ रहवासियों का कहना है कि भीड़भाड़ के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ती हैं। उनका मानना है कि मंडी को पूरी तरह उजाड़ने के बजाय किसी दूसरी व्यवस्थित जगह शिफ्ट किया जाना चाहिए। इससे सब्जी कारोबारियों की रोजी-रोटी भी बनी रहेगी और ट्रैफिक की समस्या का समाधान भी हो सकेगा।

सात लोगों पर केस और पुलिस जांच जारी

द्वारिकापुरी पुलिस ने निगमकर्मी सचिन बमनेरे की शिकायत पर सोनिला मिमरोट सहित प्रहलाद पांडे रक्षा भोटके गायत्री खोटे अमित माटेजा अतुल दावरे और सोना चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 132 221 115 296 351 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। दूसरी ओर पार्षद को लात मारने वाले युवक हिमांशु ने माफी भी मांगी है।

अब इस पूरे विवाद में सबसे बड़ा सवाल मंडी के भविष्य को लेकर है। क्या इसे ट्रैफिक सुधारने के लिए हटाया जा रहा है या इसके पीछे जगह और राजनीतिक हितों की खींचतान भी है। फिलहाल स्थानीय नेताओं के अलग-अलग प्रस्ताव रहवासियों की परेशानी और कारोबारियों के विरोध के बीच मंडी का स्थायी समाधान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed