November 26, 2026

फिल्मों के बजट से भी ज्यादा चौंकाते हैं इनके कपड़े: रावण के 4000 ज्वेलरी पीस से दीपिका के महंगे लहंगे तक

0
untitled-1795675444

नई दिल्ली। बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों में अब सिर्फ शानदार कहानी और दमदार अभिनय पर ही पैसा खर्च नहीं किया जाता बल्कि कलाकारों के कपड़े और जूलरी भी फिल्म के बजट का बड़ा हिस्सा बन जाते हैं। किसी फिल्म में अभिनेता को सुपरहीरो दिखाने के लिए करोड़ों रुपये का सूट तैयार किया जाता है तो कहीं अभिनेत्री के शाही लहंगे और गहनों पर लाखों रुपये खर्च कर दिए जाते हैं। इन आउटफिट को तैयार करने में डिजाइनरों और कारीगरों की महीनों की मेहनत लगती है। कई बार पर्दे पर दिखने वाले ये कपड़े फिल्म की पहचान बन जाते हैं। आइए जानते हैं उन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में जिनके आउटफिट और जूलरी पर मेकर्स ने बेशुमार पैसा खर्च किया।

इस सूची में सबसे पहले नमित मल्होत्रा की फिल्म रामायण का नाम आता है। फिल्म को बड़े स्तर पर पेश करने के लिए इसके कपड़ों और गहनों पर भी खास ध्यान दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक जयपुर के करीब 150 कारीगरों ने ढाई साल से ज्यादा समय तक मेहनत करके असली नगों और खूबसूरत पत्थरों से चार हजार से ज्यादा हैंडमेड जूलरी आइटम तैयार किए। रावण के किरदार के लिए ही हजारों ज्वेलरी पीस बनाए गए। इसके अलावा रावण के सिंहासन को तैयार करने में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए। फिल्म के भव्य लुक में इन चीजों की अहम भूमिका बताई जा रही है।

महंगे आउटफिट के मामले में शाहरुख खान की फिल्म रा.वन का नाम भी खास है। साल 2011 में रिलीज हुई इस फिल्म में शाहरुख ने हाईटेक सुपरहीरो सूट पहना था। रिपोर्ट के मुताबिक एक सूट की कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये थी। फिल्म के लिए ऐसे 20 सूट तैयार किए गए थे जिनकी कुल लागत करीब 90 करोड़ रुपये बताई गई। विजुअल इफेक्ट और तकनीक के साथ इन खास सूट ने फिल्म को अलग पहचान देने की कोशिश की। हालांकि शानदार विजुअल्स के बावजूद फिल्म की कहानी और कॉन्सेप्ट को दर्शकों से वैसी प्रतिक्रिया नहीं मिली जैसी मेकर्स को उम्मीद थी।

साल 2008 में आई ऐश्वर्या राय और ऋतिक रोशन की फिल्म जोधा अकबर में भी शाही कपड़ों और गहनों पर जमकर पैसा खर्च किया गया था। फिल्म के लिए डिजाइनर नीता लुल्ला ने मुगलकालीन और राजघराने से प्रेरित भव्य परिधान तैयार किए थे। रिपोर्ट के अनुसार एक आउटफिट की कीमत करीब दो लाख रुपये थी। फिल्म में लगभग 300 किलो जूलरी का इस्तेमाल किया गया जिसमें असली सोने और कीमती रत्नों का काम शामिल था। ऐश्वर्या राय के शादी वाले जूलरी सेट का वजन ही करीब साढ़े तीन किलो बताया गया। फिल्म की भव्यता और कलाकारों के लुक को दर्शकों ने काफी पसंद किया।

संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव मस्तानी में भी कपड़ों और जूलरी पर भारी खर्च किया गया था। फिल्म में 18वीं सदी के मराठा और बुंदेलखंडी राजघरानों की झलक दिखाने के लिए डिजाइनर अंजू मोदी ने खास परिधान तैयार किए थे। दीपिका पादुकोण के आउटफिट पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं उनकी जूलरी पर लगभग 45 लाख रुपये लगाए गए। फिल्म के भव्य सेट और कलाकारों के शाही लुक ने दर्शकों का ध्यान खींचा। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म को शानदार सफलता मिली।

अक्षय कुमार की साल 2015 में आई फिल्म सिंह इज ब्लिंग का एक आउटफिट भी काफी चर्चा में रहा था। फिल्म में अक्षय कुमार ने असली सोने की पगड़ी पहनी थी जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई। फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 116 करोड़ रुपये की कमाई की थी। हालांकि इसकी ओवरऑल सफलता को औसत माना गया।

वहीं संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत में दीपिका पादुकोण के घूमर गाने वाले लहंगे ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। रिपोर्ट के मुताबिक इन शाही लहंगों की कीमत 20 लाख से 30 लाख रुपये तक थी। इनका वजन करीब 30 किलो तक बताया गया। लहंगों पर असली जरी और कीमती नगों का काम किया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। इन फिल्मों के उदाहरण बताते हैं कि बॉलीवुड में किसी किरदार को पर्दे पर भव्य और यादगार बनाने के लिए सिर्फ अभिनय ही नहीं बल्कि कपड़ों और गहनों पर भी करोड़ों रुपये तक खर्च किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed