600 पेज की जांच रिपोर्ट में जिम्मेदार ठहराए गए अफसरों को मिली नई पोस्टिंग: भागीरथपुरा कांड में उठे जवाबदेही पर सवाल
भागीरथपुरा में दूषित पानी की वजह से हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। घटना के बाद प्रशासन और नगर निगम के स्तर पर बड़े अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक पर कार्रवाई की गई थी। तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव को पीएचई विभाग ने निलंबित किया था। वहीं तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को भी निलंबित कर भोपाल अटैच किया गया था। बाद में उन्हें बहाल कर रायसेन का कलेक्टर बना दिया गया। तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को भी पद से हटाया गया था और अब उन्हें सागर कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके उलट नगर निगम के जोनल अधिकारी शालिग्राम सितोले और उपयंत्री गिरीश जोशी अब भी निलंबित हैं। सहायक यंत्री शुभम श्रीवास्तव की सेवाएं भी समाप्त की जा चुकी हैं। इस स्थिति ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि निलंबित किए गए कुछ कर्मचारियों की संबंधित जोन में पदस्थापना घटना से महज तीन से चार महीने पहले ही हुई थी। निगम स्तर पर हुई कार्रवाई में उनके बयान तक नहीं लिए जाने की बात भी सामने आई है। ऐसे में कर्मचारी स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि जिम्मेदारी तय करने का आधार क्या रहा और कार्रवाई में सभी स्तरों के अधिकारियों के साथ समान मापदंड अपनाए गए या नहीं।
इस पूरे मामले की जांच के लिए हाईकोर्ट ने न्यायाधीश सुशील कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित किया था। आयोग ने करीब 600 पेज की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर हाईकोर्ट को सौंपी थी। न्यायालय के आदेश के बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक हुई। रिपोर्ट में प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर हुई लापरवाही को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद शासन से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही थी।
न्यायिक जांच आयोग ने पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया में देरी और फाइलों के स्तर पर हुई लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजहों में शामिल किया था। रिपोर्ट में तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव श्रीवास्तव की भूमिका पर पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया और निर्णय लेने में देरी को लेकर सवाल उठाए गए थे। वहीं तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया की भूमिका पर निगरानी में कमी और टेंडर प्रक्रिया से जुड़े मामलों में लापरवाही को लेकर टिप्पणियां की गई थीं। रिपोर्ट में केवल तकनीकी खामियों को ही नहीं बल्कि प्रशासनिक निगरानी की कमजोरियों को भी हादसे से जोड़कर देखा गया था।
मौतों के आंकड़ों को लेकर भी रिपोर्ट में अहम जानकारी सामने आई थी। आयोग ने कुल 36 मौतों में से 24 को दूषित पानी से संबंधित माना था जबकि 12 मौतों का कारण स्पष्ट नहीं पाया था। हालांकि घटना के बाद अलग-अलग स्तरों पर 37 मौतों का आंकड़ा भी सामने आया था। इन आंकड़ों ने हादसे की गंभीरता को और स्पष्ट किया था।
अब संजीव श्रीवास्तव की बहाली और भोपाल में नई पदस्थापना के बाद भागीरथपुरा कांड एक बार फिर चर्चा में है। सवाल सिर्फ अधिकारियों की बहाली का नहीं बल्कि न्यायिक जांच रिपोर्ट में सामने आई जिम्मेदारियों पर कार्रवाई का भी है। जब विभागीय जांच अभी जारी है तो बहाली और नई पदस्थापना का आधार क्या रहा। साथ ही निचले स्तर के कर्मचारियों का निलंबन जारी रखने के पीछे क्या कारण हैं। भागीरथपुरा के पीड़ितों और आम लोगों के लिए सबसे अहम सवाल यही है कि इतने गंभीर हादसे की जिम्मेदारी आखिर किस स्तर पर तय होगी और क्या सभी के लिए जवाबदेही का पैमाना एक समान रहेगा।
