November 26, 2026

संविधान दिवस पर सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, लाल किताब को लेकर कही बड़ी बात

0
22-1795685998
नई दिल्ली ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के अवसर पर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की सर्वोच्चता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक में निहित है। संविधान की प्रस्तावना में लिखे शब्द ‘हम भारत के लोग’ इसी लोकतांत्रिक भावना को स्पष्ट करते हैं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ स्थित लोक भवन ऑडिटोरियम में संविधान दिवस के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में 3,955 प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों से जुड़े कुल 4,030 स्थलों की पहचान की गई है। इनमें से 3,955 स्थानों पर विकास और सौंदर्यीकरण का काम शुरू कराया जा रहा है। इन परिसरों में आवश्यकता के अनुसार छतरियां, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा से जुड़ी दूसरी व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। साथ ही परिसर को आकर्षक बनाने के लिए फुलवारी भी विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा साहेब के साथ संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के विचारों और योगदान को सम्मान देने का प्रयास है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं और सामाजिक सम्मान को भी महत्व देना है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान को देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर लोगों को लंबे समय तक मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया, जबकि भारत में संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मताधिकार दिया गया। उन्होंने विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए। वहीं, सपा सरकार के दौरान कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटाया गया था, जिसे उनकी सरकार ने दोबारा बहाल किया। उन्होंने उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखने का भी उल्लेख किया।

योगी ने कहा कि महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया गया है। इसके अलावा राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। उन्होंने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने, भर्ती प्रक्रियाओं में वसूली, पेपर लीक और नकल जैसी समस्याओं को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए। उनके मुताबिक, कानून का राज और विधि का शासन ही विकास के लिए जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में बाबा साहेब की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। उन्होंने संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक सहित भारतीय विरासत से जुड़े चित्रों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि संविधान सभा के 55 सदस्य उत्तर प्रदेश से थे और 15 महिला सदस्यों में से छह इसी प्रदेश की थीं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और सपा पर संविधान दिवस की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सपा शासनकाल में बाबा साहेब को लेकर दिए गए बयानों और तत्कालीन राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का भी जिक्र किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कई राजनीतिक दल अंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन उनके सिद्धांतों का पालन नहीं करते। उन्होंने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का श्रेय केंद्र सरकार को दिया।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित करने और संविधान में सत्ता बचाने के उद्देश्य से संशोधन करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है।

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि अंबेडकर प्रतिमा स्थलों को अंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के इंतजामों के साथ संत रविदास, कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों का संरक्षण भी किया जाएगा। इसके अलावा गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की योजना पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *