November 26, 2026

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, सरकारी योजनाओं से आम नागरिकों को मिले सशक्तिकरण के नए अवसर

0
24-1795686486

नई दिल्ली ।
संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान की भूमिका और उसके माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को रेखांकित किया। गुरुवार, 26 नवंबर को लिखे अपने लेख में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण आधार भी है। संविधान की शक्ति ने सामान्य नागरिक को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है और देश में इसके अनेक उदाहरण सामने आए हैं।

प्रधानमंत्री ने प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन के विचारों का उल्लेख करते हुए संविधान को सबसे पहले एक सामाजिक दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की भावना संविधान के मूल में शामिल है। संविधान निर्माताओं ने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की थी, उसे वास्तविकता में बदलने के लिए किए गए प्रयास उसी उद्देश्य की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

गरीबी से मुक्ति को आम लोगों के जीवन में आए बड़े बदलावों में शामिल करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का उल्लेख किया। उनके अनुसार, भारत में करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। इससे करोड़ों परिवारों को बेहतर भविष्य की उम्मीद मिली है। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान में रहने का अवसर मिलता है, तब गरिमापूर्ण जीवन के संवैधानिक लक्ष्य को मजबूती मिलती है।

इसी तरह उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से भरी रसोई से राहत मिलने को उन्होंने समानता और जनकल्याण की भावना से जोड़ा। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को आर्थिक चिंता के बिना बेहतर इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

प्रधानमंत्री ने मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि का उल्लेख करते हुए कहा कि छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने से आर्थिक न्याय की अवधारणा को जमीन पर उतारने में मदद मिली है। वहीं, डिजिटल तकनीक, रुपे कार्ड और यूपीआई जैसी सुविधाओं तक आम नागरिकों की पहुंच को उन्होंने संवैधानिक समावेशिता का उदाहरण बताया। पहले इन सुविधाओं का लाभ सीमित वर्गों तक ही पहुंच पाता था।

संवैधानिक सुधारों के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने 101वें, 102वें और 103वें संशोधन का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 101वें संशोधन ने वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी लागू करने का रास्ता तैयार किया। 102वें संशोधन के जरिए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला। वहीं, 103वें संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। उनके अनुसार, इन कदमों से अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास हुआ।

प्रधानमंत्री ने संविधान की उपलब्धता और न्याय व्यवस्था में बदलाव को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इससे विभिन्न भाषाई समुदायों के लिए संविधान को समझना और उससे जुड़ना आसान हुआ है।

आपराधिक न्याय व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से औपनिवेशिक दौर की दंड व्यवस्था से आगे बढ़ने का प्रयास किया गया है। पुरानी व्यवस्था में दंड पर अधिक जोर था, जबकि नई व्यवस्था में नागरिक केंद्रित न्याय को प्राथमिकता दी गई है।

लेख में प्रधानमंत्री ने नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे जन आंदोलनों को कर्तव्यबोध का उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे अवसर भी आए, जब संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वालों ने ही उसे कमजोर करने का रास्ता चुना। उन्होंने इस संदर्भ में उन लोगों की भूमिका पर सवाल उठाया, जिन्हें पांच दशकों तक देश की बागडोर संभालने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *