November 26, 2026

ड्रैगन फ्रूट की खेती से चमकी प्रदीप शर्मा की किस्मत, कम पानी में कमा रहे बेहतर मुनाफा

0
drogn-frud-a-1795690890

बड़वानी। गर्म और कम वर्षा वाले क्षेत्रों में ड्रैगन फ्रूट की खेती किसानों के लिए मुनाफे का बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है। कम पानी में तैयार होने वाली इस फसल की बाजार में बढ़ती मांग ने किसानों के लिए नई संभावनाएं पैदा की हैं। इसका उदाहरण बड़वानी जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम नरावला निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी प्रदीप शर्मा हैं, जिन्होंने नौकरी से सेवानिवृत्ति के बाद ड्रैगन फ्रूट की आधुनिक खेती शुरू की और आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

ड्रैगन फ्रूट की व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए शर्मा ने हैदराबाद जाकर इसकी खेती का विशेष प्रशिक्षण लिया। उन्होंने उन्नत किस्म ‘पिंक-सी’ का चयन कर एक एकड़ में खेती शुरू की। इस कार्य में उद्यानिकी विभाग बड़वानी और कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) से उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण मिला। उद्यानिकी विभाग ने नवाचार गतिविधि के तहत उन्हें 200 पौधे और 50 सीमेंट पोल भी उपलब्ध कराए।

वैज्ञानिक तकनीक से तैयार किया बगीचा

ड्रैगन फ्रूट कैक्टस प्रजाति की व्यावसायिक उद्यानिकी फसल है। यह 20 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान में अच्छी वृद्धि करती है। इसकी बेलों को सहारा देने के लिए छह से सात फीट ऊंचे आरसीसी सीमेंट पोल लगाए जाते हैं। प्रत्येक पोल के ऊपरी हिस्से में रिंग या टायर जैसी संरचना लगाई जाती है, जिसके चारों ओर चार पौधे रोपे जाते हैं। इसकी जड़ें उथली होने के कारण जलभराव से बचाव और ड्रिप सिंचाई को बेहतर माना जाता है।

शुरुआती 12 महीनों तक पौधों को सीधा ऊपर बढ़ाया जाता है और अनावश्यक निचली शाखाओं की छंटाई की जाती है। पौधे के ऊपरी रिंग तक पहुंचने के बाद शाखाओं को नीचे की ओर फैलने दिया जाता है। इन्हीं शाखाओं पर फूल और फल विकसित होते हैं। इसके फूल रात में खिलते हैं। रोपण के 12 से 18 महीने बाद फल आने लगते हैं, जबकि तीसरे वर्ष से व्यावसायिक उत्पादन मिलने लगता है।

एक एकड़ में लगाए 1,800 पौधे

प्रदीप शर्मा ने अपने एक एकड़ खेत में 450 सीमेंट पोल लगाकर कुल 1,800 पौधे रोपे हैं। इस परियोजना पर उनकी शुरुआती लागत करीब पांच से छह लाख रुपये आई। उनके अनुसार, अगस्त से अक्टूबर के बीच फसल में दो से चार बार तक फूल आते हैं और इसी दौरान फलों की तुड़ाई की जाती है। स्थानीय बाजार में ड्रैगन फ्रूट 170 से 180 रुपये प्रति किलोग्राम तथा थोक बाजार में 110 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। वे स्थानीय बाजार के अलावा इंदौर जैसे बड़े शहरों में भी अपनी उपज भेज रहे हैं।

20 से 25 साल तक उत्पादन देने में सक्षम

शर्मा के अनुसार, इस नवाचार से उन्हें वर्तमान में सालाना करीब 2 लाख 60 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। शुरुआती वर्ष में पौधों, सीमेंट पोल और ड्रिप सिंचाई व्यवस्था के कारण निवेश अधिक करना पड़ता है, लेकिन बाद के वर्षों में रखरखाव का खर्च अपेक्षाकृत कम हो जाता है। एक बार बगीचा स्थापित होने के बाद यह 20 से 25 वर्षों तक उत्पादन देने में सक्षम है।

प्रदीप शर्मा की सफलता बताती है कि प्रशिक्षण, वैज्ञानिक तकनीक और विभागीय मार्गदर्शन के सहारे किसान कम पानी वाले क्षेत्रों में भी पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक उद्यानिकी फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *