किआ सोरेंटो ने पार किया 4,500 यूनिट होलसेल बिक्री का आंकड़ा, ग्राहकों को मिलेगा 70 प्रतिशत तक बायबैक
नई दिल्ली। किआ इंडिया की प्रीमियम एसयूवी किआ सोरेंटो ने बिक्री के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सितंबर 2026 में बुकिंग शुरू होने के बाद से इस एसयूवी की 4,500 होलसेल यूनिट का आंकड़ा पार हो गया है। कंपनी के अनुसार, आधुनिक तकनीक, हाइब्रिड परफॉर्मेंस, प्रीमियम सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा फीचर्स के चलते इसे ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कंपनी अपने एश्योर्ड बायबैक प्रोग्राम के तहत तीन वर्ष बाद वाहन के मूल्य का 70 प्रतिशत तक सुनिश्चित अवशिष्ट मूल्य भी दे रही है। यह सुविधा निर्धारित माइलेज सीमा और कार्यक्रम की शर्तों के अधीन होगी।
किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मार्केटिंग एवं सेल्स) अतुल सूद ने कहा कि 4,500 होलसेल यूनिट का आंकड़ा पार करना कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ग्राहकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और ब्रांड के प्रति बढ़ते भरोसे को दर्शाता है। सोरेंटो को वैश्विक स्तर की तकनीक, प्रीमियम आराम और बहुमुखी प्रदर्शन के संयोजन के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने इस सफलता के लिए ग्राहकों, डीलर भागीदारों और सभी सहयोगियों का आभार जताया।
रियल टाइम जनरेटिव एआई से लैस
किआ सोरेंटो की प्रमुख विशेषताओं में रियल टाइम जनरेटिव एआई से संचालित किआ एआई असिस्टेंट शामिल है। कंपनी के लिए वैश्विक स्तर पर यह पहली ऐसी तकनीक है। ‘हे किआ’ वॉयस कमांड से सक्रिय होने वाला यह असिस्टेंट सवालों के जवाब देने, वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराने और एयर कंडीशनिंग तथा खिड़कियों जैसे कार्यों को नियंत्रित करने में सक्षम है। इसके अलावा किआ कनेक्ट 2.0 के तहत 85 से अधिक कनेक्टेड कार फीचर्स, 30 कंट्रोलर्स के लिए ओवर-द-एयर अपडेट और डिजिटल की 2.0 की सुविधा दी गई है।
हाइब्रिड और डीजल इंजन के विकल्प
सोरेंटो दो पावरट्रेन विकल्पों में उपलब्ध है। इसका 1.6 लीटर टर्बो जीडीआई हाइब्रिड इंजन 180 पीएस की पेट्रोल इंजन क्षमता को 65 पीएस की इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ता है। इसमें छह स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। कंपनी के अनुसार, हाइब्रिड मॉडल 19.6 किलोमीटर प्रति लीटर की एआरएआई प्रमाणित ईंधन दक्षता प्रदान करता है।
वहीं, 2.2 लीटर डीजल इंजन 193 पीएस की अधिकतम पावर और 442 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। इसे आठ स्पीड डीसीटी ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। दोनों पावरट्रेन विकल्पों में ऑल व्हील ड्राइव (एडब्ल्यूडी) और टेरेन मोड की सुविधा दी गई है। कंपनी के मुताबिक, हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ एडब्ल्यूडी सुविधा देने वाली यह अपने सेगमेंट की पहली एसयूवी है।
30 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स
किआ के वैश्विक एन3 प्लेटफॉर्म पर निर्मित सोरेंटो में लेवल-2 प्लस के 30 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) फीचर्स दिए गए हैं। इनमें हाईवे ड्राइविंग असिस्ट और नेविगेशन आधारित स्मार्ट क्रूज कंट्रोल प्रमुख हैं। इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, डिजिटल आईआरवीएम और रिमोट स्मार्ट पार्किंग असिस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। टॉप वेरिएंट में 10 एयरबैग दिए गए हैं।
छह और सात सीटों का विकल्प
सोरेंटो छह और सात सीटों के कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है। छह सीटर मॉडल में दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीटें दी गई हैं, जबकि सात सीटर मॉडल में 60:40 स्प्लिट सीटों की व्यवस्था है। दोनों विकल्पों में स्लाइडिंग, रिक्लाइनिंग और वॉक-इन सुविधा के साथ तीसरी पंक्ति में प्रवेश के लिए वन टच एक्सेस दिया गया है।
केबिन में पहली और दूसरी पंक्ति की वेंटिलेटेड सीटें, रिलैक्सेशन पावर सीटें, एर्गो मोशन ड्राइवर सीट, पैनोरमिक सनरूफ, 64 रंगों वाली एम्बिएंट लाइटिंग और 12 स्पीकर वाला बोस प्रीमियम साउंड सिस्टम भी मिलता है।
प्रीमियम सर्विस प्रोग्राम भी शुरू
कंपनी ने सोरेंटो के ग्राहकों के लिए प्रीमियम सर्विस प्रोग्राम भी शुरू किया है। यह कार्यक्रम कार्यबल, सुविधाओं, प्रक्रिया और बुनियादी ढांचे के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। इसके तहत ग्राहकों को समर्पित प्रीमियम सर्विस एडवाइजर, प्राथमिकता के आधार पर सर्विस अपॉइंटमेंट, वाहन पिकअप और ड्रॉप की सुविधा मिलेगी। पात्र नियमित मेंटेनेंस कार्यों के लिए 90 मिनट में एक्सप्रेस सर्विस देने की प्रतिबद्धता भी शामिल है।
किआ इंडिया के अनंतपुर संयंत्र में निर्मित सोरेंटो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत डीजल मॉडल के लिए 27.99 लाख रुपये और हाइब्रिड मॉडल के लिए 29.49 लाख रुपये रखी गई है।
