November 27, 2026

सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में आर-पार की लड़ाई के मूड में कांग्रेस! शुक्रवार शाम 4 बजे फूटी कोठी पहुंचेगे जीतू पटवारी

0
untitled-1795767445

इंदौर। इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से हटाई गई सब्जी मंडी का मामला अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता जा रहा है। सब्जी विक्रेताओं की परेशानी और नई जगह पर कारोबार प्रभावित होने के बीच कांग्रेस ने नगर निगम और महापौर पुष्यमित्र भार्गव को घेरना शुरू कर दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर के पुराने वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि सब्जी विक्रेताओं को ब्रिज के नीचे ससम्मान जगह देने की घोषणा की गई थी लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि जब शहर के प्रथम नागरिक ने खुद यह वादा किया था तो नगर निगम प्रशासन और सरकार इसे पूरा क्यों नहीं कर रहे हैं।

चौकसे ने कहा कि फूटी कोठी ब्रिज के नीचे कई वर्षों से सब्जी और फल विक्रेता अपना कारोबार कर रहे थे। इसी काम से उनकी रोजी-रोटी चलती थी और परिवारों का भरण-पोषण होता था। शहर के कई अन्य ब्रिज के नीचे बने बोगदों में भी फल और सब्जियों की दुकानें संचालित हो रही हैं। ऐसे में फूटी कोठी के विक्रेताओं को हटाकर उनके लिए कोई स्थायी और व्यवस्थित वैकल्पिक जगह नहीं देना उनके साथ अन्याय है। उनका आरोप है कि महापौर की घोषणा के बावजूद निगम प्रशासन ने विक्रेताओं की समस्या का समाधान नहीं किया और इसका खामियाजा गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मंडी हटने के बाद विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी बेचना उनके लिए केवल कारोबार नहीं बल्कि परिवार चलाने का एकमात्र साधन है। ऐसे में प्रशासन को उनकी परेशानी समझते हुए उचित व्यवस्था करनी चाहिए। चौकसे ने कहा कि गरीबों के घर का चूल्हा जलता रहे यह सुनिश्चित करना भी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। कांग्रेस गरीबों दलितों और शोषित वर्ग के साथ खड़ी है और इस मुद्दे पर विक्रेताओं को अकेला नहीं छोड़ेगी।

उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी हटाने के विरोध में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष पार्षद और कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार विक्रेताओं के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। पार्टी का मानना है कि जिन लोगों ने वर्षों तक एक ही स्थान पर कारोबार करके अपनी आजीविका बनाई है उन्हें अचानक हटाने से पहले उनके लिए उचित विकल्प तैयार किया जाना चाहिए। चौकसे ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं है बल्कि उन परिवारों की रोजी-रोटी बचाना है जिनके घर का खर्च इसी कारोबार से चलता है।

चिंटू चौकसे ने ऐलान किया कि शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता फूटी कोठी ब्रिज पहुंचेंगे। शाम चार बजे पटवारी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में वहां मौजूद रहेंगे। कांग्रेस की योजना ब्रिज के नीचे फिर से फल और सब्जी की दुकानें शुरू कराने की है। चौकसे ने कहा कि यदि प्रशासन ने इसमें कोई अड़ंगा लगाया तो यह उचित संदेश नहीं होगा। कांग्रेस अपने फैसले पर अडिग है और विक्रेताओं को उनका कारोबार शुरू कराने के लिए पूरी ताकत से साथ देगी।

उन्होंने महापौर और क्षेत्रीय विधायक से भी अपील की कि अभी समय है और वे विक्रेताओं के लिए उचित स्थान पर मंडी की व्यवस्था कर सकते हैं। चौकसे ने स्पष्ट किया कि जब तक सब्जी मंडी विधिवत रूप से शुरू नहीं होती तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। अब शुक्रवार को जीतू पटवारी के नेतृत्व में होने वाली इस पहल पर सबकी नजर रहेगी। एक तरफ विक्रेता अपनी आजीविका बचाने के लिए जगह की मांग कर रहे हैं तो दूसरी तरफ नगर निगम के सामने यातायात और व्यवस्थित बाजार संचालन की चुनौती है। ऐसे में इस विवाद का समाधान किस तरह निकलता है यह आने वाले समय में साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed