November 27, 2026

परीक्षा फॉर्म भरने पहुंचे छात्र को लगा 541 रुपए का झटका! जीवाजी यूनिवर्सिटी की पोर्टल व्यवस्था पर उठे सवाल

0
untitled-1795767599

ग्वालियर । ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में परीक्षा फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय ने बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर निर्धारित की है लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन पोर्टल पर अभी से 500 रुपए अतिरिक्त लेट फीस जमा करने का विकल्प दिखाई दे रहा है। इस वजह से विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क से ज्यादा रकम चुकानी पड़ रही है। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की ऑनलाइन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों ने प्रबंधन से पोर्टल की गड़बड़ी दूर करने और अतिरिक्त राशि की वसूली रोकने की मांग की है।

विश्वविद्यालय की ओर से 25 नवंबर को जारी नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया गया था कि विद्यार्थी 3 दिसंबर तक बिना किसी लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद फॉर्म जमा करने पर 500 रुपए अतिरिक्त लेट फीस देने का प्रावधान है। लेकिन पोर्टल पर तय समय सीमा से पहले ही लेट फीस का विकल्प सक्रिय दिखाई देने लगा। इससे छात्रों को यह समझ नहीं आ रहा कि निर्धारित फीस जमा करने के बावजूद उनका फॉर्म सबमिट क्यों नहीं हो रहा है।

एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर के एक छात्र के साथ ऐसा ही मामला सामने आया। छात्र ने परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 1427 रुपए का भुगतान करने की कोशिश की लेकिन पोर्टल पर उसका फॉर्म सबमिट नहीं हो रहा था। जब उसने भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई तो सिस्टम में 500 रुपए लेट फीस जोड़कर जमा करने का विकल्प दिखाई दिया। छात्र के मुताबिक अंतिम तारीख अभी 3 दिसंबर है इसके बावजूद उससे अतिरिक्त राशि मांगी गई। मजबूरी में उसने 500 रुपए अतिरिक्त जमा किए। पोर्टल शुल्क सहित उसे कुल 1968 रुपए का भुगतान करना पड़ा। इस तरह निर्धारित 1427 रुपए के मुकाबले उसे 541 रुपए ज्यादा चुकाने पड़े।

इस मामले को लेकर छात्र नेताओं ने भी विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। छात्रनेता निहाल सिंह ने बताया कि एलएलबी थर्ड ईयर के एक छात्र ने फोन करके उन्हें समय से पहले लेट फीस मांगे जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्होंने खुद विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर स्थिति देखी तो वहां भी अतिरिक्त शुल्क का विकल्प दिखाई दिया। उनका कहना है कि जब विश्वविद्यालय ने बिना लेट फीस के फॉर्म जमा करने की तारीख घोषित कर रखी है तो उससे पहले विद्यार्थियों से अतिरिक्त रकम लेना गलत है।

एलएलबी फर्स्ट ईयर के छात्र संदीप ने भी विश्वविद्यालय प्रबंधन से इस समस्या को गंभीरता से लेने की मांग की है। उनका कहना है कि ग्वालियर के अलावा आसपास के दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। कई छात्रों के लिए पहले से तय फीस जुटाना ही मुश्किल होता है। ऐसे में बिना वजह 500 रुपए अतिरिक्त देना उनके लिए आर्थिक परेशानी बढ़ा सकता है।

पीजीडीसीए के छात्र अनिल ने कहा कि विश्वविद्यालय में अतिरिक्त शुल्क को लेकर विद्यार्थियों को पहले भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। यहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी पढ़ाई करते हैं। ऐसे में पोर्टल की तकनीकी खामी के कारण उनसे अतिरिक्त पैसा वसूला जाना उचित नहीं है।

वहीं परीक्षा नियंत्रक आशा कुमारी वर्मा ने मामले में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के नोटिफिकेशन के अनुसार 3 दिसंबर तक बिना लेट फीस के परीक्षा फॉर्म भरे जा सकते हैं। यदि इससे पहले पोर्टल पर लेट फीस दिखाई दे रही है तो इसकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल सिस्टम पर तकनीकी काम चल रहा है। कई बार अधिसूचना जारी होने के बाद आईटी सेल तक जानकारी पहुंचने और पोर्टल अपडेट होने में समय लग जाता है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि समय से पहले लेट फीस का विकल्प क्यों दिखाई दे रहा है। अब छात्रों को उम्मीद है कि विश्वविद्यालय जल्द तकनीकी समस्या ठीक कराएगा और जिन विद्यार्थियों से अतिरिक्त राशि ली गई है उनकी शिकायत का भी समाधान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed