दादी का अधूरा सपना बना वजह, सिख कारोबारी ने खरीदा सोनिया गांधी का बचपन वाला घर..
यह मकान इटली के वेनेटो क्षेत्र में विसेंजा प्रांत के लुसियाना गांव में स्थित है। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी गांव में हुआ था और उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती वर्ष यहां बिताए थे। पत्थर और कंक्रीट से बने इस पुराने मकान में कुल छह कमरे हैं। इसके बाहरी हिस्से पर भारतीय तिरंगे के रंगों वाला एक बोर्ड लगाया गया है, जिस पर ‘इंडियन हाउस’ के साथ सोनिया गांधी का नाम और जन्मस्थान का उल्लेख किया गया है।
सुखदेव सिंह कंग मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के जुहुरा गांव के रहने वाले हैं। वह वर्ष 1992 में इटली चले गए थे। विदेश में शुरुआती जीवन आसान नहीं रहा। उन्होंने वहां डेयरी फार्म में काम किया, खेती की और फैक्ट्री में भी नौकरी की। धीरे-धीरे उन्होंने अपना कारोबार स्थापित किया और परिवार के साथ इटली में बस गए। वर्तमान में वह ब्रेशिया में पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते हैं। उनके कई रेस्टोरेंट भी हैं। लुसियाना गांव उनके निवास से लगभग एक घंटे की दूरी पर है।
कंग के मुताबिक, सोनिया गांधी के बचपन का घर खरीदने के फैसले के पीछे उनके दादा-दादी की यादें महत्वपूर्ण रहीं। उनके दादा-दादी का जन्म अविभाजित भारत के उस हिस्से में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। परिवार के बुजुर्ग अपनी जन्मभूमि और पुश्तैनी मकान को याद करते थे। कंग ने बताया कि उनकी दादी जीवन के अंतिम समय तक पाकिस्तान स्थित अपने जन्मस्थान को देखने की इच्छा जताती रहीं। वह अक्सर भावुक होकर कहती थीं कि एक बार उस घर को देखना चाहती हैं, जहां उनका जन्म हुआ था। लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।
इसी अनुभव ने कंग को दूसरे देश में स्थित एक ऐसे घर की अहमियत समझने के लिए प्रेरित किया, जहां किसी व्यक्ति का जन्म हुआ हो और बचपन बीता हो। उनका मानना है कि सोनिया गांधी के लिए भी लुसियाना का यह मकान विशेष भावनात्मक महत्व रखता होगा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जीवन में कितनी भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर ले, जन्मस्थान से जुड़ी यादों का महत्व अलग होता है।
कंग ने वर्ष 2020 में यह संपत्ति खरीदी थी। इसकी रजिस्ट्री उनकी पत्नी और बेटी के नाम कराई गई। हालांकि, उन्होंने खरीद की कीमत सार्वजनिक नहीं की है। मकान खरीदने के कुछ समय बाद कोविड महामारी आ गई, जिसके चलते नवीनीकरण का काम प्रभावित हुआ। इसके बाद परिवार ने धीरे-धीरे घर की मरम्मत और पुराने सामान को सुरक्षित रखने का काम शुरू किया।
इस मकान के अंदर आज भी पुराने समय की कई चीजें मौजूद हैं। इनमें रेडियो, टेप रिकॉर्डर, पुरानी मेजें, फर्नीचर और परिवार की तस्वीरें शामिल हैं। कंग का परिवार इन वस्तुओं को हटाने के बजाय संरक्षित रखने पर ध्यान दे रहा है। मकान के रखरखाव पर हर साल लगभग 1,000 यूरो खर्च किए जाते हैं। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब एक लाख रुपये के आसपास बैठती है।
कंग ने बताया कि इस संपत्ति को किराए पर देने के लिए लगभग 800 यूरो प्रतिमाह का प्रस्ताव मिला था। इसके अलावा इसे गुरुद्वारे में बदलने का सुझाव भी दिया गया, लेकिन परिवार ने दोनों प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए। उनका उद्देश्य मकान को उसके ऐतिहासिक और व्यक्तिगत महत्व के साथ सुरक्षित रखना है।
परिवार की योजना छह कमरों वाले इस मकान को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की है, जहां सोनिया गांधी के बचपन से जुड़ी यादों और पुरानी वस्तुओं को सहेजकर रखा जा सके। कंग को उम्मीद है कि यह स्थान भविष्य में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा और गांव में पर्यटन तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। सोनिया गांधी के बचपन के कुछ मित्र आज भी इसी इलाके में रहते हैं। उन्हें भी उनके यहां बिताए पुराने दिनों की यादें हैं।
कंग का कहना है कि वह खुद को इस मकान का मालिक नहीं, बल्कि देखभाल करने वाला मानते हैं। उनका परिवार इसे तब तक संभालकर रखना चाहता है, जब तक सोनिया गांधी दोबारा यहां नहीं आतीं। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लुसियाना आने का निमंत्रण भी दिया है। कंग के अनुसार, उनकी पत्नी और बेटी भी इस पहल में उनका साथ दे रही हैं। इटली में रहने वाले भारतीय और सिख समुदाय के लोग भी इस संभावित मुलाकात को लेकर उत्सुक हैं।
