12 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय AI चैलेंज का कमाल! रूस में राष्ट्रपति पुतिन के विशेष कार्यक्रम में आमंत्रित हुए शिवपुरी के सिद्धांत
इस बड़ी उपलब्धि के बाद सिद्धांत को रूस में आयोजित एक विशेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला। 26 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति सहित कई देशों की प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। सिद्धांत को अपने पिता डॉ. योगेश नीखरा के साथ इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण मिला। कार्यक्रम में सिद्धांत को दूसरी पंक्ति में स्थान दिया गया। कार्यक्रम में प्रवेश से पहले निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत तीन बार पीसीआर टेस्ट कराया गया और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया।
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य और उसके बढ़ते उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने AI के संभावित प्रभावों और इसके उपयोग से जुड़ी संभावनाओं पर विचार साझा किए। सरकारों की भूमिका से लेकर मानव जीवन और विकास में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता तक कई विषयों पर चर्चा हुई। सिद्धांत के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास रहा क्योंकि इतनी कम उम्र में उन्हें दुनिया के प्रमुख लोगों और विशेषज्ञों के बीच तकनीक से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को समझने का अवसर मिला।
इस दौरान सिद्धांत को रूस और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों की ओर से विशेष उपहार भी दिए गए। इनमें कजाकिस्तान की प्रसिद्ध चॉकलेट के साथ इलेक्ट्रॉनिक डायरी एआई सिरी स्पीकर और एआई बुक सहित अन्य उपहार शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे सिद्धांत के लिए यह सम्मान उनकी उपलब्धि को और खास बनाता है।
रूस में पिछले छह वर्षों से यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस साल प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग बनाए गए थे। 13 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बिगिनर श्रेणी 18 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभागियों के लिए जूनियर श्रेणी और कॉलेज व विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए अलग श्रेणी रखी गई थी। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम दोनों प्रारूपों में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सिद्धांत ने जूनियर श्रेणी में हिस्सा लेकर अलग-अलग चरणों में अपनी तकनीकी क्षमता और AI की समझ का प्रदर्शन किया। 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ फाइनल में पहुंचना उनकी मेहनत और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है। अब 27 और 28 नवंबर को प्रतियोगिता से जुड़े विभिन्न सत्रों में उनकी सहभागिता होगी। 28 नवंबर को उनका इंटरव्यू भी निर्धारित है जिसे प्रतियोगिता का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
सिद्धांत मूल रूप से शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के ग्राम सिरसौद से जुड़े हैं। उनके पिता डॉ. योगेश नीखरा भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में उपसंचालक के पद पर कार्यरत हैं जबकि उनकी माता डॉ. राधिका नीखरा भी स्वास्थ्य विभाग भोपाल में उपसंचालक हैं। सिद्धांत भोपाल के रोहित नगर स्थित एसपीएस स्कूल में कक्षा छठवीं के विद्यार्थी हैं। आगामी 7 दिसंबर को वे 12 वर्ष की आयु पूरी करेंगे। ग्रामीण अंचल से जुड़ाव रखने वाले सिद्धांत की यह उपलब्धि शिवपुरी और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी है। अब लोगों की नजर 28 नवंबर को होने वाले उनके इंटरव्यू और प्रतियोगिता के आगामी परिणाम पर है।
