HP ने भारत में पेश किया नया OmniBook Ultra 16, NVIDIA की RTX Spark सुपरचिप और 3K OLED डिस्प्ले से लैस
कीमत की बात करें तो भारत में HP OmniBook Ultra 16 के 64GB रैम और 1TB SSD स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की शुरुआती कीमत 5,49,999 रुपये रखी गई है। वहीं, 128GB रैम और 1TB स्टोरेज वाला दूसरा वेरिएंट 6,99,999 रुपये में उपलब्ध होगा। इसे Eclipse Gray कलर में पेश किया गया है। लैपटॉप की बिक्री कंपनी के ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से की जा रही है और इसकी शिपिंग 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। चुनिंदा SBI क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर 40,000 रुपये तक का कैशबैक भी दिया जा रहा है।
लैपटॉप में 16 इंच का 3K OLED मल्टीटच डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 2880×1800 पिक्सल है। इसमें 120Hz तक का रिफ्रेश रेट और 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर कवरेज मिलता है। डिस्प्ले की SDR ब्राइटनेस 500 निट्स और HDR मोड में अधिकतम 1,100 निट्स तक है। स्क्रीन पर Corning Gorilla Glass 3 की सुरक्षा भी दी गई है। इससे फोटो एडिटिंग, वीडियो प्रोडक्शन और दूसरे विजुअल वर्क में बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।
प्रोसेसिंग के लिए इसमें 20-कोर CPU और 6,144 कोर वाला NVIDIA Blackwell RTX GPU दिया गया है। इसकी यूनिफाइड मेमोरी क्षमता 128GB तक है। कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम FP4 फॉर्मेट में 1 पेटाफ्लॉप तक AI परफॉर्मेंस देने में सक्षम है। इसका इस्तेमाल लोकल स्तर पर AI मॉडल चलाने, इंटेलिजेंट एजेंट तैयार करने और जटिल कंप्यूटिंग से जुड़े कामों में किया जा सकता है। खास बात यह है कि बड़े AI वर्कलोड के लिए हर बार क्लाउड सर्वर पर निर्भर रहने की जरूरत कम हो सकती है।
यह लैपटॉप Windows 11 Home Single Language पर काम करता है। इसमें वीडियो कॉलिंग के लिए HDR सपोर्ट वाला 5 मेगापिक्सल IR कैमरा दिया गया है। ऑडियो के लिए चार स्पीकर मिलते हैं, जिनमें HP Audio Boost, Poly Studio और DTS Virtual:X का सपोर्ट शामिल है। इसके अलावा इसमें हेडफोन और माइक्रोफोन कॉम्बो जैक भी मौजूद है।
कनेक्टिविटी के लिहाज से OmniBook Ultra 16 में Wi-Fi 7 और Bluetooth 6.0 दिया गया है। इसमें दो USB Type-C, दो USB Type-A पोर्ट, HDMI 2.1 और microSD कार्ड रीडर मिलता है। लैपटॉप में एक्सेलेरोमीटर, जायरोस्कोप और IR थर्मल सेंसर भी शामिल हैं।पावर के लिए इसमें 99Wh की बैटरी दी गई है। इसके साथ 140W का USB Type-C GaN चार्जर मिलता है। कंपनी के अनुसार, फास्ट चार्जिंग की मदद से बैटरी लगभग 30 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।
डिजाइन की बात करें तो इसमें सैंडब्लास्टेड एनोडाइज्ड फिनिश वाला एल्युमिनियम चेसिस दिया गया है। बेहतर एयरफ्लो और हीट मैनेजमेंट के लिए HP ने टावर हिंज और ट्रंक थर्मल आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया है। इसका आकार 355.8×256.5×15.7 मिलीमीटर और वजन करीब 2.22 किलोग्राम है। इस लॉन्च के साथ HP ने भारतीय बाजार में हाई-एंड AI लैपटॉप सेगमेंट में अपनी नई पेशकश उतारी है।
