'धुरंधर' के रासपुतिन के बाद 'किंग' में गूंजा डैडी कूल, जानिए 1976 में बने बोनी एम बैंड की अनोखी कहानी
1976 में रिलीज हुआ था डैडी कूल
‘डैडी कूल’ पहली बार वर्ष 1976 में बोनी एम बैंड के गाने के रूप में सामने आया था। इसे फ्रैंक फारियन और जॉर्ज रेयम ने लिखा था, जबकि फ्रैंक फारियन ने इसका निर्माण भी किया था। यह गाना बैंड के पहले एल्बम ‘टेक द हीट ऑफ मी’ का हिस्सा था। शुरुआत में इसे अपेक्षित लोकप्रियता नहीं मिली, लेकिन सितंबर 1976 में जर्मन टेलीविजन कार्यक्रम ‘म्यूजिकलाडेन’ में प्रस्तुति के बाद इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
इसके बाद यह गाना कई देशों के संगीत चार्ट में जगह बनाने में सफल रहा। ब्रिटेन में यह बोनी एम का पहला हिट गाना बना और वहां के संगीत चार्ट में छठे स्थान तक पहुंचा। अमेरिका के बिलबोर्ड हॉट 100 में इसे 65वां स्थान मिला। जर्मनी में यह पहले नंबर पर पहुंचा, जबकि कनाडा में भी इसने शीर्ष 20 गानों में जगह बनाई। इसकी आकर्षक धुन और डिस्को संगीत की शैली ने इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
बिना बैंड के हुई थी बोनी एम की शुरुआत
बोनी एम की कहानी वर्ष 1974 में शुरू हुई थी। जर्मन गायक और संगीत निर्माता फ्रैंक फारियन ने उस समय ‘अल कैपोन’ नाम से एक गाने का डिस्को संस्करण तैयार किया था। इस गाने की सबसे खास बात यह थी कि इसमें सुनाई देने वाली पुरुष आवाजों को खुद फ्रैंक फारियन ने रिकॉर्ड किया था। उन्होंने अपनी भारी आवाज के साथ पतली फाल्सेटो आवाज का भी इस्तेमाल किया।
हालांकि, इस गाने को उन्होंने अपने नाम से जारी करने के बजाय बोनी एम नाम से रिलीज किया। गाना लोकप्रिय होने लगा तो लोगों के बीच इस बैंड को देखने की उत्सुकता बढ़ गई। लेकिन उस समय बोनी एम नाम का कोई वास्तविक बैंड मौजूद नहीं था। यह नाम शुरुआत में केवल संगीत रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल किया गया था।
आवाज किसी की, मंच पर दिखाई दिए दूसरे कलाकार
जब दर्शकों के बीच बोनी एम की लोकप्रियता बढ़ी और लाइव प्रस्तुति की मांग होने लगी, तब फ्रैंक फारियन ने इस समूह को वास्तविक चेहरा देने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने लिज मिशेल, मार्सिया बैरेट, बॉबी फैरेल और मैजी विलियम्स को शामिल किया।
ये चारों कलाकार मंच पर प्रस्तुति देते थे और पहले से रिकॉर्ड किए गए संगीत पर लिप-सिंक तथा डांस करते थे। समूह की वास्तविक आवाजों में लिज मिशेल और मार्सिया बैरेट की गायकी के साथ फ्रैंक फारियन की पुरुष आवाज भी शामिल थी। इसके बावजूद लंबे समय तक दर्शकों के बीच यह धारणा बनी रही कि मंच पर दिखाई देने वाले बॉबी फैरेल ही गानों में सुनाई देने वाली पुरुष आवाज के मालिक हैं।
विवादों के बावजूद लोकप्रिय रहे गाने
बोनी एम ने आगे चलकर ‘डैडी कूल’ के अलावा ‘रासपुतिन’, ‘रिवर्स ऑफ बेबीलोन’ और ‘मा बेकर’ जैसे कई लोकप्रिय गाने दिए। रेग, डिस्को और यूरो-पॉप के मिश्रण वाली उनकी संगीत शैली ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। बैंड की रिकॉर्डिंग और मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की भूमिकाओं को लेकर कई बार चर्चाएं और विवाद भी सामने आए, लेकिन उनके गानों की लोकप्रियता बनी रही।
अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में ‘रासपुतिन’ और ‘किंग’ में ‘डैडी कूल’ के नए संस्करणों के जरिए 1970 के दशक का संगीत एक बार फिर भारतीय दर्शकों के बीच चर्चा में है। शाहरुख खान और करीना कपूर पर फिल्माया गया नया संस्करण पुराने गाने को आधुनिक बॉलीवुड अंदाज में पेश कर रहा है। अब दर्शकों की प्रतिक्रिया यह तय करेगी कि ‘डैडी कूल’ का यह नया रूप कितना लोकप्रिय होता है।
