चेहरा गोरा करने के चक्कर में किडनी हो सकती है खराब! फेयरनेस क्रीम का ऐसा खतरनाक सच जानकर उड़ जाएंगे होश
दिल्ली के पीएसआरआई अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. रवि बंसल के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें फेयरनेस क्रीम के इस्तेमाल को किडनी पर पड़ने वाले नुकसान से जोड़कर देखा गया है। उनका कहना है कि कुछ क्रीमों में मौजूद मरकरी और स्टेरॉयड शरीर में अवशोषित होकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। मरकरी की अधिक मात्रा किडनी के फिल्टर को प्रभावित कर सकती है। किडनी का काम खून को साफ करना और शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालना है। जब इसके फिल्टर खराब होने लगते हैं तो शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन भी पेशाब के रास्ते बाहर निकलने लगता है।
इसी स्थिति को नेफ्रोटिक सिंड्रोम कहा जाता है। इसमें शरीर में प्रोटीन की कमी होने लगती है और पैरों या चेहरे पर सूजन दिखाई दे सकती है। ब्लड प्रेशर बढ़ना और पेशाब में बदलाव भी किडनी से जुड़ी परेशानी के संकेत हो सकते हैं। हालांकि इन लक्षणों के पीछे दूसरी बीमारियां भी हो सकती हैं इसलिए इन्हें नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। समय पर बीमारी की पहचान और इलाज नहीं होने पर किडनी को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. दीपाली भारद्वाज के अनुसार कोई भी क्रीम किसी व्यक्ति की प्राकृतिक त्वचा को कुछ दिनों में काले से गोरा नहीं बना सकती। इस तरह के दावे भ्रामक हो सकते हैं। कुछ उत्पादों में मरकरी और स्टेरॉयड जैसे तत्व मिलाए जाते हैं जिनकी मात्रा और गुणवत्ता की जानकारी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से नहीं होती। ऐसी क्रीम लगाने से शुरुआत में त्वचा पर चमक या रंग में बदलाव दिखाई दे सकता है लेकिन लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर त्वचा और शरीर दोनों पर बुरा असर पड़ने की आशंका रहती है। कई बार क्रीम बंद करने के बाद त्वचा की समस्याएं और बढ़ सकती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले चमकदार चेहरे हमेशा किसी क्रीम का नतीजा नहीं होते। मेकअप और कैमरे के फिल्टर भी त्वचा को अलग दिखा सकते हैं। ऐसे में रील और विज्ञापन देखकर किसी उत्पाद को खरीदना समझदारी नहीं है। खासकर उन क्रीमों से सावधान रहना चाहिए जो बहुत कम समय में गोरा बनाने या त्वचा का रंग पूरी तरह बदलने का दावा करती हैं।
रिसर्च और लैब टेस्टिंग से जुड़े विशेषज्ञों ने भी कुछ ब्राइटनिंग उत्पादों में मरकरी और अन्य भारी धातुओं की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है। हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. समीर भाटी के मुताबिक किसी उत्पाद के पैकेट पर लिखे गए तत्व और वास्तव में उसमें मौजूद तत्व अलग हो सकते हैं। इसे लेबल्ड और अघोषित सामग्री का अंतर कहा जाता है। रिपोर्ट में कुछ क्रीमों में मरकरी की मात्रा 12500 पीपीएम तक बताए जाने का दावा किया गया है। इतनी अधिक मात्रा को लेकर गंभीर सावधानी बरतने की जरूरत है।
ऐसे में किसी भी फेयरनेस या ब्राइटनिंग क्रीम को खरीदने से पहले उसके निर्माता और सामग्री की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड वाली क्रीम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए नियमित मॉइश्चराइजर और उपयुक्त सनस्क्रीन का इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि किसी क्रीम के इस्तेमाल के बाद सूजन या दूसरी असामान्य परेशानी दिखाई दे तो उसका इस्तेमाल रोककर चिकित्सकीय सलाह लें। खूबसूरती का मतलब त्वचा का रंग बदलना नहीं बल्कि त्वचा का स्वस्थ रहना है। कुछ दिनों के ग्लो के लिए किडनी और सेहत को खतरे में डालना किसी भी तरह से समझदारी नहीं है।
