November 28, 2026

उदित नारायण सिर्फ सिंगर नहीं, अभिनेता भी रहे हैं, उनकी नेपाली फिल्म ने सिनेमाघरों में बनाया था ऐतिहासिक रिकॉर्ड

0
8-1795851545
नई दिल्ली ।हिंदी सिनेमा के मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण अपनी सुरीली आवाज और सदाबहार गीतों के लिए दुनियाभर में पहचान रखते हैं। उन्होंने अपने लंबे संगीत करियर में हिंदी के अलावा कई भारतीय भाषाओं और नेपाली फिल्मों के लिए भी गाने गाए हैं। उनके रोमांटिक गीत आज भी संगीत प्रेमियों की पसंद बने हुए हैं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड में एक सफल गायक के रूप में स्थापित होने से पहले उदित नारायण अभिनय की दुनिया में भी अपनी पहचान बना चुके थे। उन्होंने कई नेपाली फिल्मों में काम किया और एक ऐसी फिल्म का हिस्सा बने, जिसने नेपाली सिनेमा में खास मुकाम हासिल किया।

इस फिल्म का नाम ‘कुसुम रुमाल’ है, जो वर्ष 1985 में रिलीज हुई थी। फिल्म में उदित नारायण ने अमर नाम का किरदार निभाया था। उनके साथ नीर शाह, तृप्ति नादाकर और भुवन केसी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। अभिनय के क्षेत्र में उदित नारायण के करियर के लिए यह फिल्म एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुई। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह फिल्म लगातार 25 सप्ताह तक सिनेमाघरों में प्रदर्शित होती रही थी।

16 साल तक कायम रहा कमाई का रिकॉर्ड

‘कुसुम रुमाल’ की सफलता केवल सिनेमाघरों में लंबे समय तक चलने तक सीमित नहीं रही। इस फिल्म ने कमाई के मामले में भी नेपाली सिनेमा में नया इतिहास बनाया था। यह अपने समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नेपाली फिल्म बन गई थी। इसका रिकॉर्ड लगभग 16 वर्षों तक कायम रहा। वर्ष 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘दर्पण छाया’ ने इसकी कमाई के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इस तरह ‘कुसुम रुमाल’ ने नेपाली फिल्म उद्योग में एक ऐसी पहचान बनाई, जिसे लंबे समय तक याद किया गया।

फिल्म की लोकप्रियता में इसकी कहानी और कलाकारों के अभिनय के साथ-साथ संगीत की भी अहम भूमिका रही। इसके गीत दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए और चार दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी इनकी लोकप्रियता बनी हुई है। फिल्म के संगीत को रंजीत गजमेर ने तैयार किया था। खास बात यह रही कि उदित नारायण ने फिल्म में अभिनय करने के साथ-साथ अपनी आवाज भी दी थी। इस तरह उन्होंने एक ही फिल्म में अभिनेता और गायक दोनों की भूमिका निभाई।

41 साल बाद भी लोकप्रिय हैं फिल्म के छह गीत

‘कुसुम रुमाल’ के छह गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं। इनमें ‘कुसुमे रुमाल’ को उदित नारायण और दीपा झा ने गाया था। ‘काइचे मा सारी’ में भारती घिमिरे और श्रवण घिमिरे की आवाज सुनाई दी थी। ‘तिमि नभये’ उदित नारायण का गीत था, जबकि ‘सुना भाना ना’ में उदित नारायण और दीपा झा ने साथ गाया था। इसके अलावा ‘भुलिगाए समझा लै’ और ‘रेली खोला बगारा’ को भारती घिमिरे ने अपनी आवाज दी थी।

इन गीतों की लोकप्रियता ने फिल्म को लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बनाए रखा। फिल्म का संगीत आज भी उसकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।

हिंदी सिनेमा में भी दिए कई यादगार गीत

उदित नारायण ने नेपाली फिल्मों के बाद हिंदी सिनेमा में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने हिंदी के अलावा मैथिली, भोजपुरी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, उड़िया, उर्दू और गढ़वाली भाषाओं में भी गीत गाए हैं। हिंदी फिल्मों में उनके कई गाने बेहद लोकप्रिय हुए। इनमें ‘पापा कहते हैं’, ‘पहला नशा’, ‘जादू तेरी नजर’, ‘मेहंदी लगा के रखना’, ‘परदेसी परदेसी’ और ‘चांद छुपा बादल में’ जैसे गीत शामिल हैं।

उदित नारायण की यह यात्रा बताती है कि उनकी प्रतिभा केवल गायकी तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में भी काम किया और नेपाली सिनेमा की एक सफल फिल्म का हिस्सा बनकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed