35 लाख का मकान टूटा फिर भी चुकानी होगी EMI! कृष्णबाग के 42 परिवारों के सामने रोजी-रोटी और भविष्य का संकट
कृष्णबाग के रहवासी जीतू नंदवाल बताते हैं कि वे वर्ष 2014 से यहां रह रहे थे। उनकी आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत नहीं थी लेकिन मेहनत करके उन्होंने परिवार के लिए घर बनाया था। अब मकान टूटने के बाद परिवार उसी प्लॉट पर बचे हुए मलबे के बीच रह रहा है। घर का सामान भी वहीं रखा है और खाना बनाने के लिए भी उसी जगह चूल्हा जलाना पड़ रहा है। जीतू के परिवार में आठ से दस सदस्य हैं। उनके दो भाई भी अपने परिवार के साथ रहते हैं। बच्चों में कोई दूसरी कक्षा में पढ़ता है तो कोई तीसरी में और सबसे छोटा बच्चा नर्सरी में है। मकान टूटने के बाद बच्चों के स्कूल जाने और पढ़ाई करने में मुश्किलें आ रही हैं।
जीतू का आरोप है कि उन्हें मकान खाली करने का कोई नोटिस नहीं मिला था। उनका कहना है कि वर्ष 2024 में पहली बार उन्हें जमीन से जुड़े विवाद की जानकारी मिली थी। उस समय बताया गया कि वे मुकदमा हार चुके हैं। लेकिन उन्हें यह समझ नहीं आया कि मामला कब चला और उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर कब मिला। उनका कहना है कि यदि समय रहते सूचना मिलती तो वे कानूनी प्रक्रिया समझने और अपना पक्ष रखने की कोशिश कर सकते थे।
इसी कॉलोनी की रहवासी मिथलेश बाई की परेशानी भी कम नहीं है। उनके मुताबिक परिवार ने करीब 35 लाख रुपये खर्च करके मकान बनाया था। घर बनाने में पूरी जिंदगी की कमाई लगा दी गई थी। उनके पास मकान की रजिस्ट्री सहित दस्तावेज होने का दावा है। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कम से कम एक दिन का समय मांगा था ताकि घर का सामान बाहर निकाल सकें लेकिन उन्हें इतना समय भी नहीं मिला। अब मकान तो नहीं रहा लेकिन उसे बनाने के लिए लिया गया बैंक लोन अब भी चुकाना है। फिलहाल परिवार को रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ रहा है।
रहवासी ललिता की कहानी भी इसी दर्द को बयां करती है। वे वर्ष 2013 से कृष्णबाग में रह रही थीं। इंदौर में अपना घर बनाने के लिए उनके परिवार ने कन्नौद स्थित मकान बेच दिया था। पति मजदूरी करते हैं और परिवार ने उम्मीद की थी कि इंदौर में रहकर मेहनत करेंगे और बच्चों को बेहतर भविष्य दे पाएंगे। लेकिन अब मकान टूटने के बाद परिवार के पास स्थायी ठिकाना नहीं बचा है। ललिता बताती हैं कि उन्होंने प्लॉट की जगह साफ कर ली है और फिलहाल वहीं खाना बनाकर गुजारा कर रहे हैं। रात में भी उसी जगह रहने की मजबूरी है। बच्चों को लेकर सबसे बड़ी चिंता है कि आगे उन्हें कहां लेकर जाएं।
मकान टूटने का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। रहवासियों के मुताबिक करीब दो महीने बाद परीक्षाएं शुरू होनी हैं लेकिन रहने की व्यवस्था बिगड़ने से बच्चों का स्कूल जाना और नियमित पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। कुछ परिवार मलबे के बीच रह रहे हैं तो कुछ ने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। रोजमर्रा का खर्च चलाने के साथ बैंक की किस्तें चुकाना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
दरअसल कृष्णबाग कॉलोनी की जमीन को लेकर करीब 23 साल से विवाद चल रहा था। मामला ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) की लगभग 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। वर्ष 2003 से श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच विवाद तहसीलदार न्यायालय से होते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। 23 नवंबर को जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए अभियान में 10 पोकलेन मशीनों और जेसीबी की मदद से 42 मकान हटाए गए। वहीं हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के निर्देश दिए थे और उनके मकानों को कार्रवाई से अलग रखा गया। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के पालन में की गई।
अब इन परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि वे फिर से अपना घर कैसे बनाएंगे। मलबे में बदली जिंदगी के बीच उन्हें बच्चों की पढ़ाई और बैंक के कर्ज की जिम्मेदारी भी निभानी है। फिलहाल उनके लिए सबसे जरूरी जरूरत सुरक्षित छत और रोजमर्रा की जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाना है।
