इंदौर में 200 रुपए के लिए मां ने 7 साल की बेटी को बेरहमी से पीटा: जलते गैस चूल्हे पर पैर रखे डंडे से सिर पर किया वार
पुलिस के मुताबिक सावित्री बाई परिहार ने शिकायत में बताया कि वह गली नंबर तीन स्थित अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनकी सात साल की नातिन लक्ष्मी अपने बड़े भाई के साथ रोते हुए वहां पहुंची। बच्ची काफी परेशान थी और उसके पैरों में चोट के निशान थे। नानी ने जब रोने की वजह पूछी तो बच्ची ने बताया कि उसकी मां ने 200 रुपए चोरी करने के शक में उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मां ने पहले डंडे से उसके सिर पर वार किया और इसके बाद उसके पैर जलते हुए गैस चूल्हे पर रख दिए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नानी ने अपनी बेटी प्रवेश से इस बारे में बात की। उन्होंने बच्ची को पीटने और उसके पैर जलाने को लेकर सवाल किया। आरोप है कि इस पर प्रवेश ने अपनी मां के साथ भी विवाद किया और उसे अपशब्द कहे। उसने कहा कि वह अपनी बेटी को जैसे चाहे वैसे रखेगी और किसी दूसरे को उसके मामले में दखल देने का अधिकार नहीं है। इसके बाद वह बच्ची को नानी के घर से अपने साथ ले गई।
मामले में बच्ची के नाना रामसेवक ने बताया कि प्रवेश के तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटे 11 और 9 साल के हैं जबकि सबसे छोटी बेटी लक्ष्मी सात साल की है। परिवार के मुताबिक घर से 200 रुपए गायब हुए थे। आरोप है कि 11 साल के बड़े बेटे ने पकड़े जाने के डर से अपनी छोटी बहन पर रुपए चोरी करने का आरोप लगा दिया था। इसी बात को सच मानकर मां ने बच्ची के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता सामने आने के बाद नानी ने पुलिस से शिकायत की। सावित्री बाई परिहार की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने प्रवेश के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी मां को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और बच्ची के साथ हुई मारपीट की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटा रही है।
बच्ची के माता पिता मिल और फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना के बाद सात साल की बच्ची की सुरक्षा और उसके साथ हुई कथित मारपीट को लेकर परिवार और पुलिस दोनों स्तर पर मामला गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
