एप्पल का 'बैक टू स्कूल' ऑफर लॉन्च, मैक खरीदने पर फ्री एयरपॉड्स और आईपैड के साथ मिलेगी एप्पल पेंसिल प्रो
एप्पल के अनुसार, इस ऑफर के तहत योग्य ग्राहक यदि मैकबुक एयर या मैकबुक प्रो खरीदते हैं तो उन्हें एयरपॉड्स 4 या एयरटैग 4-पैक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मिलेगा। वहीं, आईपैड एयर या आईपैड प्रो खरीदने वाले ग्राहकों को एप्पल पेंसिल प्रो मुफ्त प्रदान की जाएगी। इसके अलावा ग्राहक अपनी आवश्यकता के अनुसार कुछ अन्य एक्सेसरीज रियायती कीमतों पर भी खरीद सकेंगे, जिससे उन्हें अतिरिक्त बचत का लाभ मिलेगा।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह ऑफर पूरे वर्ष मिलने वाले एजुकेशन डिस्काउंट से अलग है। एप्पल पहले से ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को मैक, आईपैड, एप्पल वॉच और अन्य उत्पादों पर विशेष छूट उपलब्ध कराती है। नए ऑफर के जरिए ग्राहकों को नियमित छूट के साथ-साथ मुफ्त एक्सेसरीज का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा।
ऑफर के तहत ग्राहक एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन वाले एयरपॉड्स 4 को विशेष रियायती कीमत पर खरीद सकेंगे। इसके अलावा एयरपॉड्स प्रो 3 और अन्य एक्सेसरीज भी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी। आईपैड खरीदने वाले ग्राहकों के लिए भी एयरटैग 4-पैक, एयरपॉड्स 4, एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन वाले एयरपॉड्स और एयरपॉड्स प्रो जैसे कई वैकल्पिक ऑफर पेश किए गए हैं।
एप्पल ने बताया कि ऑनलाइन एप्पल स्टोर या एप्पल स्टोर ऐप के माध्यम से खरीदी गई पात्र एक्सेसरीज पर ग्राहकों को मुफ्त एनग्रेविंग की सुविधा भी दी जाएगी। इससे ग्राहक अपने नाम, संदेश या पसंदीदा टेक्स्ट के साथ डिवाइस को व्यक्तिगत रूप दे सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध होगी।
इस ऑफर का लाभ लेने के लिए कॉलेज स्टूडेंट्स, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को अपनी पात्रता का सत्यापन यूनिडेज प्लेटफॉर्म के माध्यम से करना होगा। सत्यापन के बाद ग्राहक ऑनलाइन या किसी भी अधिकृत एप्पल रिटेल स्टोर से खरीदारी कर इस विशेष ऑफर का लाभ उठा सकते हैं।
इसी बीच भारत में एप्पल का विनिर्माण कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है। कंपनी के अनुसार वर्ष 2025 में भारत में लगभग 5.5 करोड़ आईफोन का उत्पादन किया गया, जबकि वर्ष 2024 में यह आंकड़ा करीब 3.6 करोड़ था। एक वर्ष में उत्पादन में लगभग 53 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना और मजबूत होती सप्लाई चेन के कारण भारत एप्पल के वैश्विक विनिर्माण नेटवर्क में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
