सागर: कुएं में मिले एक ही परिवार के चार शव, एक बच्ची और 3 महिलाएं शामिल

सागर। सागर में शनिवार सुबह कुएं में तीन महिलाओं और एक बच्ची का शव मिला है। इनमें दो महिलाएं फंदे पर लटकी मिलीं, जबकि अन्य महिला और बच्ची का शव पानी में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कुएं से निकलवाने के लिए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
मामला देवरी थाना क्षेत्र के कोपरा गांव का
देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने बताया कि महिलाओं की पहचान आरती लोधी (35), भारती लोधी (29), भागवती बाई (65) के रूप में हुई है। बच्ची का नाम रोमिका लोधी (6) है, जो भारती की बेटी थी। भारती और आरती रिश्ते में देवरानी जेठानी थीं। नानी भागवती लोधी और नातिन रोमिका लोधी का शव पानी में मिला है। भागवती बाई भारती की मां थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

छोटी बहू ने किया था सुसाइड, आरती-भारती के पति जेल में
परिवार के सदस्य सुरेंद्र लोधी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे गांव के ही रहने वाले किशोर लोधी ने सूचना दी थी। इसके बाद सरपंच और पुलिस को बताया। हम और गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचे। सुरेंद्र ने बताया कि, ‘एक साल पहले छोटे भाई सोनू लोधी की पत्नी ने जहर खाकर सुसाइड किया था।

मामले में पुलिस ने परिवार के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया था। भारती और आरती के पति जेल में हैं। मायके वाले लगातार परेशान कर रहे थे। आए दिन घर आकर धमकी देते थे। मारपीट और गाली-गलौज करते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे भी घर आकर विवाद किया था। डर के मारे मैं रात में घर भी नहीं गया था।

You may have missed