खरगे ने कहा- दस वर्षों में लोकतांत्रिक ढांचे को खत्म करने का संगठित प्रयास हुआ

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि 2024 भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण साल है। 140 करोड़ भारतीयों ने ऐसा फैसला दिया है जो हमारे राष्ट्र निर्माताओं द्वारा कड़ी मेहनत से बनाए गए हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों पर विश्वास बढ़ाता है। खरगे ने आरोप लगाया कि बीते 10 वर्षों में देश के लोकतांत्रिक ढांचे को खत्म करने का संगठित प्रयास हुआ।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र सरकार का सबसे अच्छा रूप है। लोगों को यह बताने का अधिकार देता है कि वे कैसे शासन करें और कैसे अपने नेताओं को जवाबदेह ठहराएं।

अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में खरगे ने लिखा कि अब हमें अपने संसदीय लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने और उन लोकाचारों की रक्षा करने के लिए और अधिक सतर्क रहना होगा, जिनमें हम, भारत के लोग सामूहिक रूप से विश्वास करते हैं। अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर आइए हम भारत के प्रति खुद को फिर से समर्पित करें, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत शामिल हैं। 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 15 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया था। उसके बाद से हर साल 15 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस मनाते हुए लोकतंत्र के प्रति लोगों को जागरुक करने का काम किया जाता है।

You may have missed