कौन होगा पंजाब में सीएम का अगला दावेदार,अरविंद केजरीवाल ने खुद बताया

नई दिल्ली । अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान ही पांच साल मुख्यमंत्री के तौर पर पूरे करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगले पांच साल भी वही मुख्यमंत्री रहेंगे। अरविंद केजरीवाल अमृतसर के स्वर्ण मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे।
अरविंद केजरीवाल ने खुद बताया, कौन होगा पंजाब में सीएम का अगला दावेदार
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की करारी हार के बाद पहली बार दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पत्नी सुनीता के साथ घूमने निकले। वह सीएम भगवंत मान के साथ अमृतसर के स्वर्ण मंदिर पहुंचे और मत्था टेका। इससे पहले वह 10 दिन तक होशियारपुर के विपासना सेंटर में थे। हार के बाद पहली बार उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो उनके सामने पंजाब के सीएम को लेकर सवाल आ ही गया। दरअसल दिल्ली की सत्ता हाथ से निकलने के बाद रिपोर्ट्स में दावे किए जा रहे थे कि अरविंद केजरीवाल पंजाब की कमान अपने हाथों में ले सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल से जब पूछा गया कि विरोधी कहते हैं कि पंजाब में मुख्यमंत्री बदलने जा रहे हैं, इसमें कितना दम है? इसपर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मान साहब पांच साल पूरे करेंगे। आप चिंता ना करें और अगले पांच साल भी यही पूरे करेंगे। पंजाब में अब 2027 में विधानसभा के चुनाव होने हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, आज हम गुरुजी महाराज के दरबार में आए हैं। उनसे आशीर्वाद लेने के लिए आया हूं। हमें लोगों की सेवा करनी है। लोगों को न्याय दिलाना है। पंजाब में सबसे बड़ी समस्या नशे और भ्रष्टाचार की है। जब एक साथ तीन करोड़ पंजाब के लोग नशे और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जंग छेड़ेंगे तो यह न्याय की लड़ाई है। गुरुजी हमें शक्ति दें कि हम लोग बचे हुए दो साल भी इसी तरह सेवा करते रहें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “16 मार्च 2022 को खटकर कलां में पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” बनाने का संकल्प लिया था, जिसे पूरा करने के लिए हम नेक नीयत और पूरी ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं। जो काम इन तीन सालों में हुआ है वह पिछले 70 सालों में भी नहीं हुआ। पंजाबियों से किए हर एक वादे को बखूबी निभाएंगे। पंजाब में से नशों की बुरी अलामत को ख़त्म करने के लिए चल रहे युद्ध को मुक़ाम तक पहुंचाएंगें। पंजाब के तीन करोड़ लोगों के साथ और विश्वास के लिए धन्यवाद।”